सांसद और अभिनेता अरुण गोविल आए हाथरस:एक स्कूल के वार्षिकोत्सव में बोले- रामायण से मिलती है हर रिश्ते की सीख

Nov 22, 2026 - 21:29
0
सांसद और अभिनेता अरुण गोविल आए हाथरस:एक स्कूल के वार्षिकोत्सव में बोले- रामायण से मिलती है हर रिश्ते की सीख
हाथरस के अलीगढ़ रोड स्थित बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल में रविवार शाम वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अभिनेता और मेरठ के सांसद अरुण गोविल शामिल हुए। शाम करीब 5 बजे पहुंचे गोविल करीब डेढ़ घंटे तक कार्यक्रम में मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, सफलता, संस्कार और पारिवारिक रिश्तों का महत्व समझाया। इस दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ रामायण का मंचन भी किया। पुरस्कार न मिलने पर निराश न हों, मेहनत जारी रखें अरुण गोविल ने पुरस्कार पाने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी। वहीं, पुरस्कार नहीं पाने वाले बच्चों से कहा कि उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। पुरस्कार मिलना या न मिलना मेहनत पर निर्भर करता है। जो बच्चे अधिक मेहनत करेंगे, वे भविष्य में सफलता हासिल कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को लगातार प्रयास करने और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। रामायण में हर रिश्ते की मर्यादा और कर्तव्य की सीख गोविल ने कहा कि पारिवारिक रिश्तों की सीख रामायण से बेहतर कहीं नहीं मिल सकती। रामायण में पति-पत्नी, माता-पुत्र, पिता-पुत्र, भाइयों, देवर-भाभी और मित्रों के रिश्तों के बारे में बताया गया है। शत्रु के साथ कैसा व्यवहार करना चाहिए, इसकी सीख भी रामायण में मिलती है। उन्होंने रामायण का एक प्रसंग सुनाते हुए बताया कि जब भगवान श्रीराम लंका पहुंचे, तब रावण की मृत्यु के लिए किए जा रहे यज्ञ में ब्राह्मण की जरूरत पड़ी। इसकी जानकारी मिलने पर रावण स्वयं यज्ञ कराने पहुंचा था। इस प्रसंग के माध्यम से उन्होंने धर्म, मर्यादा और कर्तव्य का महत्व समझाया। उन्होंने मंच से धारावाहिक रामायण के चर्चित संवाद भी सुनाए। श्रीराम की भूमिका के लिए मिले सम्मान का जताया आभार अरुण गोविल ने कहा कि धारावाहिक रामायण में श्रीराम की भूमिका निभाने के कारण लोगों ने उन्हें वर्षों से जो सम्मान और स्नेह दिया है, उसके लिए वह आभारी हैं। स्कूल पहुंचने पर उन्हें अपने बचपन और पढ़ाई के दिनों की याद आ गई। उन्होंने बताया कि उनकी शुरुआती पढ़ाई म्युनिसिपैलिटी के विद्यालय में हुई थी। वह इतने अच्छे स्कूल में नहीं पढ़े थे। बच्चों की प्रतिभा और स्कूल के माहौल की सराहना की गोविल ने स्कूल के माहौल और विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने बच्चों से अच्छे संस्कार अपनाने, नैतिक मूल्यों का पालन करने और जीवन में लगातार मेहनत करने की अपील की। कार्यक्रम में सांसद अरुण गोविल का जोरदार स्वागत किया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User