शाह आलम बोले- ओवैसी-चंद्रशेखर की जोड़ी बिगाड़ेगी समीकरण:40-60 का हुआ मुकाबला, छोटे दलों के जुड़ने से 50-50 भी हो सकता है

Nov 15, 2026 - 21:45
0
शाह आलम बोले- ओवैसी-चंद्रशेखर की जोड़ी बिगाड़ेगी समीकरण:40-60 का हुआ मुकाबला, छोटे दलों के जुड़ने से 50-50 भी हो सकता है
मुजफ्फरनगर में भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी शाह आलम ने शनिवार देर शाम करीब 8:30 बजे 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बयान दिया। उन्होंने आगामी चुनाव को 40-60 का मुकाबला बताते हुए दावा किया कि बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के प्रयासों से प्रदेश का चुनावी समीकरण बदल रहा है। शाह आलम ने कहा कि आने वाले समय में छोटे दल भी गठबंधन से जुड़ सकते हैं। ऐसे में चुनावी मुकाबला आगे चलकर 50-50 का भी हो सकता है। बोले- अल्पसंख्यक समाज को भी चाहिए राजनीतिक नेतृत्व चौधरी शाह आलम ने कहा कि देश और प्रदेश में लगभग हर समुदाय की अपनी राजनीतिक पार्टी या संगठन है। ऐसे में अल्पसंख्यक समाज की आवाज उठाने के लिए भी राजनीतिक नेतृत्व जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन राजनीतिक दलों को अल्पसंख्यक समाज का बड़ा समर्थन मिलता रहा है, वे सत्ता के सामने इस समाज के मुद्दों पर खामोश हैं। उनके मुताबिक, इसी वजह से अल्पसंख्यक समाज नए राजनीतिक विकल्पों की ओर देख रहा है। ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का किया समर्थन शाह आलम ने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का समर्थन करते हुए कहा कि ओवैसी अल्पसंख्यक समाज की आवाज उठा रहे हैं, जबकि चंद्रशेखर आजाद ने दलित समाज को राजनीतिक रूप से जागरूक करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि जब पुराने राजनीतिक नेतृत्व से समाज के मुद्दों पर आवाज नहीं उठती, तो नया नेतृत्व उन मुद्दों को लेकर सामने आता है। ऐसे नेताओं पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने के बजाय उन्हें अपनी बात रखने का अधिकार दिया जाना चाहिए। राकेश टिकैत से राजनीतिक बयानबाजी से दूर रहने की अपील शाह आलम ने कहा कि राकेश टिकैत किसानों के हितों की बात करने वाले नेता हैं। उन्हें राजनीतिक दलों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच नहीं आना चाहिए। उन्होंने टिकैत से इस तरह की राजनीतिक बयानबाजी से दूर रहने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि 2027 के चुनाव को लेकर सोशल मीडिया पर ओवैसी, चंद्रशेखर आजाद और अन्य नेताओं के खिलाफ सुनियोजित तरीके से प्रचार किया जा रहा है। शाह आलम ने कहा कि किसी भी नेता या दल पर बिना आधार आरोप लगाना ठीक नहीं है। सभी राजनीतिक दलों और नेताओं को अपनी बात रखने का अधिकार है और मतदाता भी राजनीतिक परिस्थितियों को समझने में सक्षम हैं। अखिलेश यादव और सपा पर भी साधा निशाना चौधरी शाह आलम ने अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि अल्पसंख्यक समाज के मुद्दों पर सपा नेतृत्व अपेक्षित रूप से मुखर नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि अब अल्पसंख्यक और दलित समाज राजनीतिक रूप से जागरूक हो रहा है और अपनी आवाज बुलंद करने वाले नेतृत्व के साथ खड़ा हो सकता है। अपने बयान के अंत में शाह आलम ने राजनीतिक और सामाजिक संगठनों से जनता के मुद्दों पर बात करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी पसंद के दल को वोट देने का अधिकार है, लेकिन सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप और राजनीतिक चमचागिरी बंद होनी चाहिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User