हिंडन घाट पर श्रद्धालुओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया:छठ के तीसरे दिन लेजर शो देखने भी पहुंचे लोग; कल सूर्य को अर्घ्य के साथ पर्व का समापन
गाजियाबाद के हिंडन घाट पर रविवार को छठ महापर्व के तीसरे दिन हजारों श्रद्धालुओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। सुबह से ही घाट पर लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। शाम को व्रती महिलाएं और उनके परिवार पूजा के लिए पहुंचे। महिलाओं ने सूर्य को अर्घ्य देकर छठी मैया की पूजा की। घाट पर छठी मैया के गीत सुनाई दिए। श्रद्धालु पूजा की थाली लेकर और परिवार के साथ घाट पहुंचे। छठ के मौके पर हिंडन घाट पर लेजर लाइट शो भी हुआ। रंग-बिरंगी रोशनी और प्रस्तुतियां देखने के लिए हजारों लोग पहुंचे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने शो देखा। कई लोगों ने इसकी तस्वीरें और वीडियो मोबाइल में बनाए। श्वेता तिवारी भी छठ मनाने हिंडन घाट पहुंचीं। उन्होंने बताया कि वह हर साल यहां पूजा करने आती हैं और छठी मैया में उनकी गहरी आस्था है। उन्होंने कहा कि सच्चे मन से व्रत रखने पर मनोकामनाएं पूरी होती हैं। श्वेता ने बताया कि संतान की कामना करने वाले दंपती भी छठी मैया का व्रत रखते हैं। मान्यता है कि छठी मैया उनकी मनोकामना पूरी करती हैं। उन्होंने कहा कि इस पर्व में महिलाओं की श्रद्धा, परिवार के प्रति समर्पण और छठी मैया के प्रति विश्वास दिखता है। भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने घाट पर सुरक्षा, साफ-सफाई, रोशनी और दूसरी जरूरी व्यवस्थाएं की थीं। रविवार शाम डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)