शाहजहांपुर की रहने वाली थी संविदा कर्मी शिक्षिका:हाईवे किनारे मिले शव की पहचान हुई, परिजनों ने अपहरण कर हत्या की जताई आशंका

Nov 28, 2026 - 17:56
0
शाहजहांपुर की रहने वाली थी संविदा कर्मी शिक्षिका:हाईवे किनारे मिले शव की पहचान हुई, परिजनों ने अपहरण कर हत्या की जताई आशंका
कासगंज में 25 नवंबर को हाईवे किनारे मिले महिला के शव की शनिवार को शिनाख्त हो गई। मृतका की पहचान शाहजहांपुर निवासी अरुणा यादव(40) के रूप में हुई है। वह दिल्ली के एक कॉलेज में अंग्रेजी विषय की संविदा शिक्षिका थीं। पहचान नहीं होने के कारण पुलिस ने शव को सुरक्षित पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया था। शनिवार को परिजन कासगंज पहुंचे और शव की पहचान की। मामला सदर क्षेत्र के क्यामपुर बाहेड़िया के पास का है। मृतका के भाई अमित यादव ने बताया- मेरी बहन की शादी वर्ष 2014 में बदायूं निवासी हरिनंदन से हुई थी। हरिनंदन खेती करता था और उसके पिता सेना से सेवानिवृत्त थे। अमित के मुताबिक, शादी के सात साल तक संतान नहीं होने पर हरिनंदन ने अरुणा को छोड़ दिया और बिना बताए दूसरी शादी कर ली। दूसरी पत्नी से उसके तीन बच्चे हैं। इस मामले में अरुणा ने वर्ष 2024 में पति के खिलाफ न्यायालय में मुकदमा भी दर्ज कराया था, जो अभी विचाराधीन है। अमित यादव ने बताया कि वर्ष 2024 में परिवार ने अरुणा की दूसरी शादी शाहजहांपुर निवासी अजय कुमार से कर दी थी। अजय कुमार सीआरपीएफ में तैनात हैं और वर्तमान में उनकी पोस्टिंग छत्तीसगढ़ में है। घटना की जानकारी मिलने के बाद वह छत्तीसगढ़ से रवाना हो गए हैं। परिवार में अरुणा की एक बहन अर्चना यादव हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। उनके भाई अमित रेलवे में कार्यरत हैं। परिजनों ने आरोप लगाया कि अरुणा का दिल्ली से अपहरण कर हत्या की गई है। उन्होंने इस घटना के पीछे अरुणा के पहले पति हरिनंदन पर संदेह जताया है। हालांकि, अपहरण और हत्या के आरोपों की अभी पुलिस स्तर से पुष्टि नहीं हुई है। परिवार की ओर से फिलहाल पुलिस को कोई तहरीर भी नहीं दी गई है। शनिवार को पैनल के माध्यम से महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए शाहजहांपुर लेकर रवाना हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User