कानपुर के सरसौल में भारी अव्यवस्था आई सामने:बिन फेरे-सिंदूर के हुई शादी की औपचारिकता, उपहार के लिए घंटों लाइन में लगे जोड़े

Nov 28, 2026 - 17:56
0
कानपुर के सरसौल में भारी अव्यवस्था आई सामने:बिन फेरे-सिंदूर के हुई शादी की औपचारिकता, उपहार के लिए घंटों लाइन में लगे जोड़े
कानपुर के सरसौल ब्लॉक परिसर में शनिवार को आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में चमक-दमक के बीच अव्यवस्थाएं हावी रहीं। फूलों से सजा पंडाल, सेल्फी प्वाइंट, बैंड-बाजा और शहनाई की व्यवस्था तो की गई, लेकिन नवदंपतियों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ा। 69 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य रखा गया था, जिनमें 58 जोड़ों का विवाह संपन्न होने की जानकारी दी गई। आरोप है कि कई जोड़ों का विवाह बिना सिंदूर भरवाए और पूरे फेरे कराए ही संपन्न करा दिया गया। खाने से लेकर पूरे कार्यक्रम में दिखी भारी अव्यवस्था सुबह नौ बजे से ब्लॉक परिसर पहुंचे दूल्हा-दुल्हन और उनके परिजन भोजन के लिए इंतजार करते रहे। दोपहर करीब तीन बजे भोजन मिला तो थाली में सिर्फ दो पूड़ियां, थोड़ी सब्जी और नाममात्र का सलाद था। पानी की व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं थी। इससे नाराज कई परिजन भोजन के पैकेट बिना खोले ही अपने साथ लेकर चले गए। वहीं, सामान वितरण में भी भारी देरी हुई। नवदंपति तीन से चार घंटे तक लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण देवेंद्र प्रताप सिंह से देरी का कारण पूछने पर उन्होंने आदेश न मिलने की बात कही। सह नोडल अधिकारी बीरपाल के बीच में ही कार्यक्रम छोड़कर चले जाने के बाद व्यवस्था प्रभावित होने के आरोप भी लगे। कार्यक्रम में आचार्य अरुणिम बाजपेयी और विख्यात बाजपेयी के निर्देशन में आचार्य आयुष दुबे, आनंद दीक्षित, योगेंद्र शुक्ला, रितिक अवस्थी, गोपी, शांतनु शुक्ला और शशांक शुक्ला ने विधि-विधान से विवाह की रस्में संपन्न कराईं। कलाकारों ने राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकी प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। ब्लॉक प्रमुख सरसौल डॉ. विजय रत्ना तोमर, एसडीएम नरवल सत्यपाल प्रजापति और खंड विकास अधिकारी कोमल रावत समेत अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौजूद रही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User