वोटर लिस्ट में छूटे युवाओं की तलाश में जुटा प्रशासन:डीएम बोले- अब बूथ पर बैठकर इंतजार नहीं करें बीएलओ, घर-घर जाकर तलाशें नए मतदाता
मैनपुरी में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए अब लोगों को बूथ तक आने का इंतजार नहीं करना होगा। प्रशासन घर-घर पहुंचकर पात्र लोगों के फॉर्म भरवाएगा। खासतौर पर 18 साल की उम्र पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता बनाने पर जोर दिया जा रहा है। डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बीएलओ और ग्राम स्तरीय कर्मचारियों को घर-घर संपर्क करने के निर्देश दिए हैं। शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे डीएम ने करीमगंज के जूनियर हाईस्कूल में बने बूथ संख्या 262, 263 और 264 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान की प्रगति का जायजा लिया। हर घर तक पहुंचने के दिए निर्देश निरीक्षण के दौरान डीएम ने बीएलओ से पूछा कि अब तक कितने नए मतदाताओं के फॉर्म भरे गए हैं और कितने लोगों के नाम मतदाता सूची में जुड़ने बाकी हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार और रविवार को विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बूथों पर बीएलओ के साथ ग्राम स्तरीय कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा बुलावा टोली गठित की गई है, जो गांवों में लोगों से संपर्क कर उन्हें मतदाता बनने के लिए फॉर्म जमा करने को प्रेरित कर रही है। डीएम ने बताया कि निरीक्षण के समय तीनों बूथों पर दावे और आपत्तियों से संबंधित करीब सात-सात फॉर्म प्राप्त हुए थे। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि फॉर्म की संख्या बढ़ाने के लिए प्रत्येक घर तक पहुंच बनाई जाए। विशेष रूप से ऐसे युवाओं की पहचान की जाए, जिनकी उम्र 18 साल पूरी हो चुकी है, लेकिन मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं है। कॉलेजों में भी लगाए गए पंजीकरण कैंप मतदाता पुनरीक्षण अभियान को गांवों तक सीमित न रखते हुए डिग्री और इंटर कॉलेजों में भी पंजीकरण कैंप लगाए गए हैं। यहां युवाओं को मतदाता बनने के लिए जागरूक किया जा रहा है। डीएम ने राशन डीलरों और ग्रामीणों से भी सहयोग मांगा, ताकि कोई पात्र व्यक्ति मतदाता बनने से छूट न जाए। निरीक्षण के दौरान डीएसओ रमन मिश्र, डीएसओ सतीश कुमार, डीआईओएस अमित त्यागी, बीडीओ सुनील कुमार, चकबंदी अधिकारी वासुदेव, बीडीओ पंचायत जितेंद्र पाल सिंह, प्रधान कैलाश शाक्य, बीएलओ विजयपाल, ज्योति यादव और विमलेश कुमारी सहित अन्य अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)