सहारनपुर में दूल्हा बनने से पहले कोर्ट पहुंचा युवक:शादी की बात चली तो खुला 32.69 लाख का ‘खर्चा’, इंग्लैंड की पढ़ाई, हवाई टिकट और फीस का खर्च उठाया
सहारनपुर में रिश्ता शादी तक पहुंचने की उम्मीद थी, लेकिन मामला कोर्ट तक पहुंच गया। गंगोह क्षेत्र के गांव लखनौती निवासी एक युवक का आरोप है कि शादी की बातचीत के दौरान युवती और उसके परिजनों ने उससे इंग्लैंड में पढ़ाई, यूनिवर्सिटी की फीस, बीमा और हवाई टिकट के नाम पर 32.69 लाख रुपए ले लिए। युवक के मुताबिक, जब शादी की तारीख तय करने की बात आई तो जवाब मिलने के बजाय टालमटोल शुरू हो गई। शादी से इनकार हुआ तो युवक ने अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि इसके बाद उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। पुलिस से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो युवक कोर्ट पहुंचा। अब कोर्ट के आदेश पर गंगोह कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। रिश्ता तय होने से पहले ही शुरू हो गया खर्च का सिलसिला सुखविन्द्र सिंह (31) ने एसीजेएम चतुर्थ कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि कमलदीप कौर के लिए उसके परिजन इंद्रजीत कौर और पवनदीप सिंह रिश्ता तलाश रहे थे। इसी सिलसिले में दोनों परिवारों के बीच बातचीत शुरू हुई। युवक का आरोप है कि कमलदीप उससे बात करने लगी और इंग्लैंड में स्नातक की पढ़ाई करने की इच्छा जताई। इसके बाद पढ़ाई और विदेश जाने के खर्च के नाम पर रकम मांगी गई। युवक के अनुसार, 1 अगस्त 2024 को उसने विश्वविद्यालय में प्रवेश और बीमा के लिए 6.80 लाख रुपए पवनदीप सिंह को नकद दिए। लंदन जाने के लिए 84,447 रुपए का हवाई टिकट भी कराया। इसके बाद 1 से 5 सितंबर 2024 के बीच इंद्रजीत कौर के खाते में एजेंट को देने के लिए आठ लाखरुपए ट्रांसफर किए। हवाई टिकट से लेकर पाउंड तक का इंतजाम प्रार्थना पत्र के मुताबिक, 11 सितंबर 2024 को कमलदीप के इंग्लैंड रवाना होने के समय सुखविन्द्र ने एयरपोर्ट पर उसे 1,000 पाउंड दिए, जिनकी कीमत करीब 1.20 लाख रुपये बताई गई। इंग्लैंड पहुंचने के बाद भी खर्च का सिलसिला नहीं थमा। युवक का दावा है कि 16 अक्टूबर से 12 नवंबर 2024 के बीच कमलदीप के खाते में 89,705 रुपए जमा कराए। इसके बाद 1 अगस्त 2025 को विश्वविद्यालय की फीस के लिए पवनदीप सिंह को 5.50 लाख रुपए नकद देने का आरोप लगाया गया है। 6 से 15 अगस्त 2025 के बीच खाते और कार्ड से 7,45,273 रुपए की फीस भी जमा कराई गई। फिर सितंबर 2025 में इंद्रजीत कौर के खाते में तीन बार में कुल दो लाख रुपये दिए गए। युवक ने इन रुपयों को उधार बताया है। खर्च पूरा, लेकिन शादी की बारी आई तो इनकार सुखविन्द्र का आरोप है कि अलग-अलग तारीखों पर नकद, बैंक खाते और कार्ड से भुगतान करते हुए उसने कुल 32,69,428 रुपए दिए। उसे उम्मीद थी कि रिश्ते की बातचीत शादी तक पहुंचेगी, लेकिन जब शादी की तारीख तय करने की बात आई तो कथित तौर पर टालमटोल शुरू हो गई। युवक के अनुसार, उसने और उसके परिवार ने शादी करने के साथ उधार दी गई रकम लौटाने की मांग की, लेकिन आरोपियों ने फोन उठाना और बातचीत करना बंद कर दिया। कमलदीप पर इंग्लैंड से धमकाने का भी आरोप लगाया गया है। रकम वापस मांगे तो किया इनकार प्रार्थना पत्र में सुखविन्द्र ने आरोप लगाया कि 15 अगस्त 2026 को फोन करके शादी की बात की तो साफ इनकार कर दिया गया। जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो कहा गया कि उसके जैसे लोगों को इसी तरह बेवकूफ बनाया जाता है और उससे रकम ऐंठनी थी, जो ऐंठ ली। साथ ही शिकायत करने पर युवती से झूठे मुकदमे दर्ज कराकर जेल भिजवाने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। थाने से एसएसपी और फिर कोर्ट तक पहुंचा मामला युवक का कहना है कि उसने रिश्तेदारों और परिचितों के माध्यम से भी बातचीत कर समाधान निकालने की कोशिश की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। इसके बाद उसने गंगोह कोतवाली में शिकायत की। आरोप है कि वहां से उच्च अधिकारियों के आदेश लेकर आने को कहा गया। फिर उसने एसएसपी सहारनपुर को रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी। कार्रवाई नहीं होने पर धारा 173(4) के तहत एसीजेएम चतुर्थ कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया। युवक ने रिंग सेरेमनी की तस्वीरें, ऑनलाइन लेन-देन के रिकॉर्ड और डाक से भेजी शिकायत की रसीद को साक्ष्य के तौर पर देने की बात कही है। नारायण सिंह और शिव कुमार सहित अन्य लोगों को गवाह बताया गया है। कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज मामले में कमलदीप कौर, इंद्रजीत कौर और पवनदीप सिंह के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर गंगोह कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल 32.69 लाख रुपए देने और शादी का झांसा देने से जुड़े आरोप युवक की ओर से लगाए गए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)