गोरखपुर में ‘अर्नब’ तूफान का रेड अलर्ट:नगर निगम ने रद्द की कर्मचारियों की छुट्टियां, 24 घंटे होगी निगरानी

Oct 29, 2026 - 06:39
0
गोरखपुर में ‘अर्नब’ तूफान का रेड अलर्ट:नगर निगम ने रद्द की कर्मचारियों की छुट्टियां, 24 घंटे होगी निगरानी
गोरखपुर में संभावित चक्रवात ‘अर्नब’ और अगले दो दिनों के लिए मौसम विभाग की ओर से जारी रेड अलर्ट को देखते हुए गोरखपुर नगर निगम प्रशासन अलर्ट हो गया है। जलभराव की आशंका से निपटने और लोगों को परेशानी से बचाने के लिए नगर निगम की टीमें अगले दो दिनों तक 24 घंटे सक्रिय रहेंगी। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। उन्हें अपना मोबाइल फोन भी 24 घंटे चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और नगर आयुक्त अजय जैन की अध्यक्षता में नगर निगम के अधिकारियों और अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक हुई। इसमें संभावित चक्रवात से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित कर उनकी निगरानी करने और नालों की सफाई से लेकर पंपों की व्यवस्था तक दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। जलभराव वाले इलाकों में तैनात रहेंगी टीमें नगर आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि शहर में जिन स्थानों पर बारिश के दौरान जलभराव की समस्या होती है, उन्हें चिह्नित कर विशेष निगरानी की जाए। नालों, पुलियों और कल्वर्ट की सफाई सुनिश्चित कराई जाए, ताकि बारिश का पानी निकलने में परेशानी न हो। संवेदनशील और अति महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। जलभराव से निपटने के लिए सभी पंपों और संपवेल की कार्यशीलता की जांच करने को कहा गया है। खराब डीजल और इलेक्ट्रिक पंपों की मरम्मत कराने के साथ ही पंपों पर जनरेटर, बैटरी और पर्याप्त ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी। हर पंप पर ऑपरेटर की तैनाती भी की जाएगी, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल पानी निकाला जा सके। कंट्रोल रूम बनेगा, क्विक रिस्पॉन्स टीम रहेगी तैयार आपात स्थिति में शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) और इमरजेंसी गैंग को हर समय तैयार रखा जाएगा। सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करेंगे, ताकि किसी भी इलाके में जलभराव या अन्य समस्या होने पर तत्काल राहत पहुंचाई जा सके। नगर आयुक्त ने उद्यान विभाग को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। जलभराव वाले क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार तुरंत कार्रवाई करनी होगी। रात के समय भी टीमें सक्रिय रहेंगी, ताकि आपात स्थिति में राहत कार्य प्रभावित न हो। लापरवाही पर इंजीनियरों की तय होगी जवाबदेही नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि अगले दो दिनों तक सभी अधिकारी और कर्मचारी 24 घंटे अलर्ट मोड में रहेंगे। इस दौरान किसी का अवकाश स्वीकृत नहीं होगा और सभी को मोबाइल फोन चालू रखना होगा। तैयारियों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि संबंधित कार्यों में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार अवर अभियंता (जेई) और सहायक अभियंता (एई) की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में अपर नगर आयुक्तों के साथ जलकल, निर्माण और अन्य विभागों के अधिकारी, जोनल अधिकारी, जोनल सेनेटरी अधिकारी, सफाई निरीक्षक और संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User