सहारनपुर में घर में घुसकर विवाहिता से छेड़छाड़:विरोध पर परिवार को लाठी-डंडों से पीटा, कोर्ट के आदेश पर तीन के खिलाफ FIR

Nov 16, 2026 - 10:50
0
सहारनपुर में घर में घुसकर विवाहिता से छेड़छाड़:विरोध पर परिवार को लाठी-डंडों से पीटा, कोर्ट के आदेश पर तीन के खिलाफ FIR
सहारनपुर में घर में घुसकर एक विवाहिता के साथ छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर उसके परिवार के लोगों से मारपीट की गई। आरोप है कि तीन लोगों ने लाठी-डंडों से परिवार पर हमला कर दिया। घटना में महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। मामला नानौता थाना क्षेत्र के गांव बाबूपुरा का है। पीड़ित की शिकायत पर कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने सोमवार सुबह 8 बजे तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया। गांव बाबूपुरा निवासी उदय सिंह के मुताबिक, 31 अगस्त 2026 की रात उनकी विवाहित बेटी भारती अपनी ससुराल से घर आई हुई थी। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले अनूप और अनुज शराब के नशे में लाठी लेकर उनके घर में घुस आए। दोनों ने उनकी बेटी भारती के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। बेटी का शोर सुनकर उदय सिंह ऊपरी मंजिल से नीचे पहुंचे और दोनों को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इस पर अनूप और अनुज ने उदय सिंह के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। शोर सुनकर तीसरा आरोपी सुरेश भी लाठी लेकर मौके पर पहुंच गया। इसके बाद तीनों ने उदय सिंह और उनके परिवार के लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में उदय सिंह, उनकी पत्नी, बेटी भारती और बेटे शिवम व पंकज को चोटें आईं। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे लियाकत और अनवर समेत अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर परिवार को आरोपियों से बचाया। आरोप है कि जाते समय आरोपी परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। उदय सिंह का आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने नानौता थाने पहुंचकर शिकायत दी थी। पुलिस ने परिवार के सदस्यों का मेडिकल भी कराया,लेकिन उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की। इसके बाद उन्होंने एसएसपी सहारनपुर से भी शिकायत की,लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। पीड़ित ने 13 अक्टूबर 2026 को अधिवक्ता के माध्यम से अपर सिविल जज (जूडि)/जेएम देवबंद की कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया था। कोर्ट के आदेश पर अब सोमवार को पुलिस ने अनूप,अनुज और सुरेश के खिलाफ केस दर्ज किया है।पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User