श्रावस्ती मे फ्लिपकार्ट स्टोर में भीषण आग लगी:लैपटॉप और कंप्यूटर जले, लाखों के नुकसान का अनुमान
श्रावस्ती के इकौना थाना क्षेत्र के वीरपुर मोड़ पर बीती रात करीब नौ से दस बजे के बीच एक फ्लिपकार्ट स्टोर में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। लपटें और काला धुआं उठता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। आग बुझने तक स्टोर में रखा ग्राहकों का डिलीवरी ऑर्डर, रिटर्न पार्सल, एक लैपटॉप, दो डेस्कटॉप सहित तीन कंप्यूटर सिस्टम और जरूरी दस्तावेज जलकर राख हो गए। अभी अनुमान के मुताबिक हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय भाजपा विधायक रामफेरन पांडेय भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। स्टोर संचालक अनिल तिवारी के मुताबिक, दीपावली के मद्देनजर स्टोर को समय से पहले बंद कर दिया गया था। देर रात अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। जब तक कुछ समझ पाते, आग विकराल रूप ले चुकी थी। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना कंपनी को दे दी गई है। हादसे के बाद पीड़ित परिवार का बुरा हाल है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है हालांकि शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)