शराब को रुपए न मिले तो युवक ने दी जान:अलीगढ़ में मजदूर युवक ने घर के कमरे में लगाया फंदा, लटका मिला शव
क्वार्सी क्षेत्र में शराब की लत एक युवक की मौत की वजह बन गई। मां से शराब के लिए रुपए मांगे, लेकिन इनकार मिलने पर नाराज होकर कमरे में चला गया। कुछ देर बाद उसने दुपट्टे से फंदा लगाकर जान दे दी। मंगलवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। नगला मल्लाह निवासी सलमान (25) पुत्र शहाबुद्दीन रंगाई-पुताई का काम करता था। छह भाई-बहनों में वह चौथे नंबर पर था। परिजनों के मुताबिक, सलमान को नशे की लत थी। सोमवार रात करीब 11 बजे उसने मां से शराब पीने के लिए रुपए मांगे। मां ने रुपए देने से मना कर दिया तो वह नाराज होकर कमरे में चला गया। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आया तो मां अंदर पहुंची। वहां सलमान का शव दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका देखकर उनकी चीख निकल गई। शोर सुनकर आसपास के लोग भी पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। परिजनों ने नहीं दी लिखित शिकायत मंगलवार दोपहर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। फिलहाल परिवार की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)