एटा में बहन की फोटो पोस्ट करने पर मारपीट:पुलिस के सामने भिड़े दो पक्ष; जान से मारने की धमकी देने का आरोप
एटा के अवागढ़ में बहन की फोटो और स्टोरी फेसबुक-इंस्टाग्राम पर अपलोड करने को लेकर मंगलवार सुबह दो पक्षों में विवाद हो गया। सुबह करीब 10:30 बजे दीपक सूरज की दुकान पर पहुंचा और उससे फोटो-स्टोरी सोशल मीडिया पर डालने की वजह पूछी। इस दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। पुलिस के सामने भी दोनों पक्षों के लोग भिड़ते रहे। दीपक पुत्र प्रेमपाल सिंह का आरोप है कि सूरज उसकी बहन की फोटो और स्टोरी फेसबुक व इंस्टाग्राम पर अपलोड करता है। वह फोटो और वीडियो के जरिए उसकी बहन को ब्लैकमेल भी कर रहा था। इसी बात का विरोध करने के लिए वह सूरज की दुकान पर पहुंचा था। डंडे और लोहे की रॉड से मारपीट का आरोप दीपक के साथ आए युवक और परिजन भी विवाद में शामिल हो गए। वहीं, सूरज पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस के सामने भी मारपीट होती रही। बाद में पुलिस दीपक को थाने ले गई। दीपक ने सूरज और उसके भाई प्रशांत पर गाली-गलौज करने, डंडे और लोहे की रॉड से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है। सीओ जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि युवती की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद होने की बात सामने आई है। युवक का प्रार्थना पत्र संबंधित थाने भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)