सिद्धार्थनगर के गौरजीत आम को जीआई टैग दिलाने की तैयारी:1500 एकड़ में फैले हैं आम, 21 किसानों की सूची निदेशालय भेजी

Nov 21, 2026 - 13:14
0
सिद्धार्थनगर के गौरजीत आम को जीआई टैग दिलाने की तैयारी:1500 एकड़ में फैले हैं आम, 21 किसानों की सूची निदेशालय भेजी
सिद्धार्थनगर के गौरजीत आम को जीआई टैग दिलाने की तैयारी शुरू हो गई है। उद्यान विभाग ने इसकी खेती करने वाले 21 किसानों की सूची निदेशालय को भेजी है। जिले के सात विकासखंडों में करीब 1500 एकड़ में इसके बाग फैले हैं। लखनऊ स्थित केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान (सीआईएसएच) ने सिद्धार्थनगर और बस्ती समेत कई जिलों से गौरजीत आम को जीआई टैग दिलाने के लिए आवेदन मांगे हैं। इसके बाद उद्यान विभाग ने आम की पैदावार, बागों के क्षेत्रफल, खासियत और किसानों की जानकारी जुटाना शुरू किया। गौरजीत आम के बाग बढ़नी, लोटन, नौगढ़, शोहरतगढ़, मिठवल, खेसरहा और बर्डपुर विकासखंड में हैं। इससे बड़ी संख्या में किसान और बागवान जुड़े हैं। जीआई टैग मिलने से आम को अलग पहचान मिल सकती है और किसानों को बेहतर कीमत मिलने की उम्मीद है। गौरजीत आम अपने स्वाद, मिठास, खुशबू और जल्दी तैयार होने के लिए जाना जाता है। मौसम अनुकूल रहने पर यह जून के दूसरे सप्ताह से बाजार में पहुंचने लगता है। दशहरी आम की आवक इसके बाद शुरू होती है। जल्दी बाजार में आने से गौरजीत आम को बेहतर कीमत मिल सकती है और बागवानों की आमदनी बढ़ सकती है। जीआई टैग मिलने से दूसरे क्षेत्रों के आम पर लगेगी रोक जीआई टैग किसी खास भौगोलिक क्षेत्र में पैदा होने वाले उत्पाद की विशिष्ट पहचान को प्रमाणित करता है। गौरजीत आम को यह टैग मिलने के बाद निर्धारित मानकों और पंजीकरण के नियमों के तहत ही इस नाम का इस्तेमाल किया जा सकेगा। इससे दूसरे क्षेत्रों के उत्पादकों द्वारा अपने आम को गौरजीत के नाम से बेचने पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। ब्रांडिंग से बढ़ेगी बाजार तक पहुंच जीआई टैग मिलने से गौरजीत आम की ब्रांडिंग और बाजार तक पहुंच बढ़ाने का रास्ता खुलेगा। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अलग पहचान बनने से मांग बढ़ने की उम्मीद है। इसका सीधा लाभ जिले के बागवानों को बेहतर कीमत के रूप में मिल सकता है। करीब 1500 एकड़ में फैले गौरजीत आम के बागों के लिए यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है। फिलहाल जीआई टैग की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User