सीएम से सम्मान पाकर भावुक हुई वीरांगना महिलांए:बोली- आज लगा हम अकेले नहीं, पूरा देश हमारे साथ
मेरठ कैंट स्थित कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित हुए पूर्व सैनिकों के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले सैनिकों की वीर नारियों और पूर्व सैनिकों की पत्नियों को सम्मानित किया। सम्मान पाकर महिलाओं के चेहरे पर गर्व और खुशी के भाव नजर आए। उनका कहना था कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि मुख्यमंत्री से मिलने और इस तरह सम्मान पाने का मौका मिलेगा। इस सम्मान ने उन्हें यह अहसास कराया कि देश उनके और उनके परिवारों के साथ खड़ा है। नांगल क्षेत्र के टांडा के पास छपरा गांव की रहने वाली संतोष ने बताया कि उनके पति सेना में थे और करीब 50 साल पहले शहीद हुए थे। मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान मिलने पर उन्होंने खुशी जताई। कहा कि उन्हें कार्यक्रम में बुलाकर सम्मान दिया गया, यह बहुत अच्छा लगा। उन्हें इस बात का गर्व है कि सैनिक परिवारों को इस तरह सम्मान मिल रहा है। वहीं, वीर नारी गीता ने बताया कि उनके पति वर्ष 2016 में देश के लिए शहीद हो गए थे। उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि उन्हें मुख्यमंत्री से मिलने और सम्मानित होने का अवसर मिलेगा। गीता ने कहा कि मुख्यमंत्री से मिलने के बाद उन्हें महसूस हुआ कि वह अकेली नहीं हैं, बल्कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है। यह उनके लिए गर्व का पल है। सुमन ने बताया कि उनके पति अक्टूबर 2022 में देश के लिए शहीद हुए थे। मुख्यमंत्री से सम्मान मिलने पर उन्हें खुद पर गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री की आभारी हैं। उनके बच्चों के पालन-पोषण के लिए निगम की ओर से उन्हें नौकरी भी दी गई है। सम्मानित हुईं वीर नारियों का कहना था कि उनके पतियों ने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। आज मुख्यमंत्री ने उन्हें सम्मानित कर उनके बलिदान और परिवारों के योगदान को सम्मान दिया है। इससे उन्हें गर्व महसूस हो रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)