सीतापुर में पिकअप और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत:केबिन में फंसे पिकअप चालक की मौत, नैमिषारण्य से लौटते समय हादसा
सीतापुर के मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत हरदोई-सीतापुर मुख्य मार्ग पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तिवारी ढाबा के समीप एक तेज रफ्तार पिकअप और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। तस्वीरें देखिए - वाहनों के बीच फंस गया था चालक प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिश्रिख थाना क्षेत्र के ग्राम अहमद नगर निवासी शकील (पुत्र इशहाक) रविवार रात अपना पिकअप वाहन लेकर नैमिषारण्य की ओर से मिश्रिख की तरफ आ रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी हरदोई-सीतापुर मार्ग पर स्थित तिवारी ढाबा के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी पिकअप की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक शकील दोनों वाहनों के मलबे के बीच बुरी तरह फंस गए। रेस्क्यू के बाद अस्पताल में तोड़ा दम हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और ढाबे पर मौजूद लोग मौके की ओर दौड़े। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मिश्रिख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों के बीच फंसे शकील को बाहर निकाला। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मिश्रिख पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल जिला अस्पताल सीतापुर के लिए रेफर कर दिया। हालांकि, परिजन और स्वास्थ्यकर्मी उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचते, उससे पहले ही रास्ते में शकील ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने वाहन कब्जे में लिया युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में मिश्रिख कोतवाली प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त होने के बाद मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)