संभल की यारा फर्टिलाइजर फैक्ट्री में तेंदुआ दिखा, VIDEO:स्कूल की छुट्टी, 30-35 वर्करों को काम से रोका; गेट बंद
संभल की यारा फर्टिलाइजर फैक्ट्री के मुख्य गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में शनिवार सुबह 6:49 बजे तेंदुआ दिखा। इसके बाद स्कूल की छुट्टी कर दी गई और 30 से 35 वर्करों को काम करने से रोक दिया गया। फैक्ट्री की आवासीय कॉलोनी में रहने वाले कर्मचारियों को घरों के अंदर रहने की हिदायत दी गई। यह मामला संभल जिले की गुन्नौर तहसील के बबराला थाना क्षेत्र का है। तेंदुए की जानकारी मिलने पर वन विभाग और स्थानीय पुलिस की टीम फैक्ट्री पहुंची। एसडीएम अवधेश कुमार, सीओ अंकित मिश्रा और तहसीलदार रवि सोनकर भी मौके पर पहुंचे। फैक्ट्री के अंदर तेंदुआ होने की पुष्टि के बाद पिंजरा लगाया गया है। मुख्य गेट बंद कर दिया गया है और किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं है। 29 अक्टूबर को भी फैक्ट्री के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में तेंदुए की चहलकदमी दिखी थी। उस समय वन विभाग ने पिंजरा लगाया था, लेकिन तेंदुआ नहीं पकड़ा गया। 3 अक्टूबर को गुन्नौर तहसील के असदपुर, ईसमपुर, दिल्लीपुर, गंगा बस फरीदपुर और मीरमपुर गांवों में तेंदुआ दिखने की खबर आई थी। 13 सितंबर 2026 को गुन्नौर तहसील के गंगावास गांव में एक किसान के घर की छत पर तेंदुआ चढ़ गया था। बाइक की रोशनी पड़ते ही वह भाग गया था। इसका वीडियो सामने आया था। 20 अगस्त 2026 को ईसमपुर डांडा गांव में बाबा रघुवर दास आश्रम की दीवार पर तेंदुए की चहलकदमी का 9 सेकंड का वीडियो सामने आया था। 20 अक्टूबर को नखासा थाना क्षेत्र के बहरामपुर की मढैया में भदरौला गांव के मनोज कुमार के खेत में गोवंश के 2 साल के बच्चे का शव और तेंदुए के पैरों के निशान मिले थे। 14 अक्टूबर 2026 क़ो तहसील संभल के थाना ऐंचौड़ा कम्बोह क्षेत्र के गांव काफूरपुर में तेंदुए के हमले से भैंस और नीलगाय के बच्चे का शिकार किया था। 17 फरवरी 2026 क़ो तहसील संभल के थाना नखासा थाना क्षेत्र के सिरसानाल के जंगल में गन्ने के खेत में तेंदुआ दिखने पर वन विभाग द्वारा 3 कैमरे और पिंजरा लगाया था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)