संभल में 24 कोसीय परिक्रमा और फैरी मेला:40 घंटे में पूरी हुई 68 तीर्थों और 19 कूपों की परिक्रमा; 200 से ज्यादा दुकानें और बच्चों के लिए लगे झूले
संभल के वैनीपुर चक स्थित श्रीवंशगोपाल तीर्थ पर शनिवार को फैरी मेला लगा। इसके साथ ही 68 तीर्थों और 19 कूपों की 24 कोसीय परिक्रमा का समापन हुआ। 40 घंटे तक चली परिक्रमा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शनिवार शाम 4 बजे तक एक लाख से ज्यादा श्रद्धालु तीर्थ मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने कुंड में स्नान कर भगवान श्रीकल्कि और ब्रह्मा द्वारा स्थापित संभलेश्वर महादेव के दर्शन किए। 200 से ज्यादा दुकानें लगीं, बच्चों ने झूलों का आनंद लिया मेले में खिलौने, खाने-पीने की चीजों और प्रसाद की 200 से ज्यादा दुकानें लगाई गईं। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले भी लगाए गए। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा। परिक्रमा 13 नवंबर को श्रीवंशगोपाल तीर्थ मंदिर से शुरू हुई थी। इसमें पांच लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई गई थी। 5,200 साल पुराने कदम वृक्ष की भी की परिक्रमा श्रद्धालुओं ने तीर्थ परिसर में स्थित 5,200 साल पुराने कदम वृक्ष की परिक्रमा भी की। मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मणी इसी वृक्ष के नीचे रात में रुके थे। वहीं, श्रीवंशगोपाल तीर्थ को लेकर मान्यता है कि यहां दर्शन करने से वंश की वृद्धि होती है। संभल के 68 तीर्थों और 19 कूपों की परिक्रमा करने से मोक्ष मिलने की भी मान्यता है। बोले- पक्के रास्ते बनने से बढ़ेगी श्रद्धालुओं की संख्या परिक्रमा समिति के अध्यक्ष हर्देश यादव ने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए अच्छी व्यवस्था की गई थी। पक्के रास्ते बनने के बाद आने वाले समय में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ेगी। नगर हिंदू सभा के अध्यक्ष कमलकांत तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संभल के तीर्थों का विकास कराया है। उन्होंने श्रीवंशगोपाल तीर्थ के विकास के लिए समिति की ओर से मुख्यमंत्री का आभार जताया। बोले- अपने शहर में परिक्रमा करके खुशी हुई नीमा गोयल ने कहा कि 24 कोसीय परिक्रमा में शामिल होकर उन्हें खुशी हुई। उन्होंने कहा कि लोग मथुरा, काशी और अयोध्या जाते हैं, लेकिन इस बार उन्होंने अपने ही शहर में परिक्रमा का आनंद लिया। राजेश सिंघल ने कहा कि योगी सरकार ने परिक्रमा पथ के लिए करीब 450 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इससे आने वाले समय में श्रद्धालुओं की संख्या करीब दोगुनी हो सकती है। उन्होंने कहा- काशी, मथुरा और अयोध्या की तरह संभल में भी श्रद्धालु मनोकामना पूरी होने की कामना से 68 तीर्थों और 19 कूपों की परिक्रमा करते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)