सपा का दलित सम्मेलन कल, अखिलेश यादव आएंगे:GIC मैदान पर होगा सम्मेलन, वेस्ट यूपी के कई जिलों से आएंगे दलित समाज के लोग

Nov 14, 2026 - 17:00
0
सपा का दलित सम्मेलन कल, अखिलेश यादव आएंगे:GIC मैदान पर होगा सम्मेलन, वेस्ट यूपी के कई जिलों से आएंगे दलित समाज के लोग
समाजवादी पार्टी का दलित सम्मेलन कल आगरा के GIC मैदान पर होगा। इसके लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व सपा सांसद रामजीलाल सुमन ने शनिवार को मौके पर जाकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि यह दलित सम्मेलन एतिहासिक होगा। इस सम्मेलन में वेस्ट यूपी के कई जिलों से लोग आएंगे। सम्मेलन स्थल और आसपास के पूरे इलाके को सपा नेताओं और पार्टी के होर्डिंग-बैनरों से पाट दिया गया है। सड़कों से लेकर मैदान तक सम्मेलन का माहौल नजर आने लगा है। 15 नवंबर को प्रस्तावित इस सम्मेलन में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आएंगे। पार्टी इसे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दलित समाज के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने के बड़े आयोजन के रूप में देख रही है। पहले देखिये तैयारियों की 2 तस्वीरें… सपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन इस सम्मेलन के संयोजक हैं। उनके मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा कर दलित समाज के लोगों को सम्मेलन में आने का न्योता दिया गया है। पार्टी का प्रयास है कि इस आयोजन के जरिए दलित समाज के मुद्दों को राजनीतिक विमर्श के केंद्र में लाया जाए। आगरा को दलित राजनीति का अहम केंद्र माना जाता है। ऐसे में जीआईसी मैदान में होने वाला यह सम्मेलन केवल एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा की दलित राजनीति को धार देने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है। सपा 15 नवंबर को आगरा में दलित महासम्मेलन के जरिए 2027 के विधानसभा चुनाव का चुनावी बिगुल फूंकने की तैयारी में है। सम्मेलन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दलित समाज के लोगों को जुटाने का लक्ष्य है। सपा सांसद का दावा सपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने दावा किया है कि यह सम्मेलन बेहद भव्य होगा। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी शामिल होंगे। सुमन के मुताबिक, आगरा की जमीन दलित आंदोलन के लिहाज से बेहद उपजाऊ है। यहां के लोग राजनीतिक रूप से जागरूक हैं और बदलाव चाहते हैं। रामजीलाल सुमन ने कहा कि उन्होंने पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश का दौरा कर सम्मेलन के लिए लोगों से संपर्क किया है। दौरे के दौरान जिस तरह का रिस्पॉन्स मिला है, उससे उन्हें सम्मेलन की बड़ी सफलता का भरोसा है। उन्होंने कहा कि आगरा को सम्मेलन के लिए चुनने के पीछे यहां की ऐतिहासिक और राजनीतिक पृष्ठभूमि है। 2 घंटे रहेंगे अखिलेश यादव दलित सम्मेलन के मुख्य अतिथि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव रहेंगे। वे इस सम्मेलन में लगभग 2 घंटे रहेंगे। कार्यक्रम के मुताबिक, सपा अध्यक्ष रविवार दोपहर लगभग 12.30 बजे कार्यक्रम में पहुंचेंगे। दोपहर 2.30 बजे तक यहां रहेंगे, इसके बाद वे दिल्ली रवाना हो जाएंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User