सपा का रावण के जरिए यूपी सरकार पर निशाना:होर्डिंग वार जारी, पार्टी कार्यालय पर लगाई गई नई होर्डिंग

Nov 17, 2026 - 09:09
0
सपा का रावण के जरिए यूपी सरकार पर निशाना:होर्डिंग वार जारी, पार्टी कार्यालय पर लगाई गई नई होर्डिंग
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजधानी लखनऊ में पोस्टर वार तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय के बाहर लगी दो बड़ी होर्डिंग चर्चा का केंद्र बन गई हैं। एक होर्डिंग बुलडोजर बनाम साइकिल का संदेश दे रही है, तो दूसरी रावण-सीता के प्रसंग के जरिए सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रही है। एक ओर भजपा जहां सपा के पुराने कार्यकाल को होर्डिंग और पोस्टर के जरिए प्रदर्शित कर रही है, वहीं सपा भाजपा की मौजूदा सरकार पर निशाना साध रही है। बदलापुर से बदले की शुरुआत का नारा पहली होर्डिंग पर बड़े अक्षरों में लिखा है- “जो आए थे बुलडोजर से, वो जाएंगे साइकिल से।” इसके नीचे लिखा है कि बुलडोजर वाली जुल्मी हुकूमत के सामने जनता अपनी साइकिल के साथ आ डटी है। “इस घमंडी सत्ता के हर जुल्म के खिलाफ बदले की शुरुआत बदलापुर से” का नारा भी दिया गया है।यह होर्डिंग जौनपुर जिले की बदलापुर विधानसभा क्षेत्र (364) से श्रीमती जयंती अभयराज यादव के नाम से लगवाई गई है। होर्डिंग पर अखिलेश यादव की तस्वीर और साइकिल पर सवार व्यक्ति को प्रमुखता से दिखाया गया है। समाजवादी पार्टी का चुनाव चिह्न साइकिल को जनता की आवाज और बुलडोजर को मौजूदा सरकार की कार्यशैली के प्रतीक के रूप में पेश किया गया है। रावण ने भेष बदला... यूपी में 10 साल से लूट? दूसरी होर्डिंग और भी तीखी है। इसमें लिखा है- “रावण ने एक बार भेष बदला, सीता माँ चली गईं... और यहाँ यूपी में 10 साल से भेष बदलकर लूट रहे हैं, भ्रष्टाचार कर रहे हैं। इस होर्डिंग को मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव एडवोकेट प्रवेश यादव ने लगवाया है। इसमें अखिलेश यादव की बड़ी तस्वीर के साथ भगवान राम और श्रीकृष्ण की तस्वीरें भी लगी हैं। उत्तर प्रदेश का नक्शा भी दिखाया गया है। राजनीतिक हलकों में इसे सपा के सॉफ्ट हिंदुत्व एजेंडे के साथ सरकार को घेरने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। लगातार चल रहा होर्डिंग वार बता दें कि पहले बुलडोजर वाली होर्डिंग लगाई गई। इसके बाद रावण वाली होर्डिंग लगाई गई। एक होर्डिंग सपा कार्यालय के ठीक सामने लगी है जब कि दूसरी सपा कार्यालय से निकलते ही बाईं ओर लगी है। सोशल मीडिया पर इनकी तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं। 2027 के चुनाव से पहले दोनों प्रमुख दलों के बीच पोस्टर वार लगातार चल रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User