सुबह 24 डिग्री तापमान,अगले 24 घंटे बाद गिरेगा पारा:प्रदूषण में यूपी में टॉप पर बनारस, मलदहिया सबसे जहरीला

Nov 17, 2026 - 09:09
0
सुबह 24 डिग्री तापमान,अगले 24 घंटे बाद गिरेगा पारा:प्रदूषण में यूपी में टॉप पर बनारस, मलदहिया सबसे जहरीला
बनारस में मौसम का मिजाज फिलहाल सामान्य बना हुआ है, लेकिन अगले 24 घंटे बाद तापमान में गिरावट आने के आसार हैं। मंगलवार सुबह शहर का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की रफ्तार छह किलोमीटर प्रति घंटे रही, जबकि आर्द्रता 47 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। इससे सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ सकता है। वहीं, दूसरी तरफ वायु प्रदूषण ने बनारस की चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार को वाराणसी 241 एक्यूआई के साथ उत्तर प्रदेश का सबसे प्रदूषित शहर रहा। नोएडा 214 एक्यूआई के साथ दूसरे और गाजियाबाद 213 एक्यूआई के साथ तीसरे स्थान पर रहा। दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में भी वाराणसी 73वें स्थान पर पहुंच गया है। शहर में पिछले चार दिनों से लगातार वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बढ़ रहा है। सोमवार को पीएम 2.5 और पीएम 10 का स्तर निर्धारित मानक से पांच गुना अधिक दर्ज किया गया। धूल और धुएं के साथ कार्बन मोनोऑक्साइड की मात्रा में भी बढ़ोतरी हुई है। शहर का मलदहिया इलाका सबसे प्रदूषित रहा। यहां एक्यूआई 239 दर्ज किया गया। वहीं भेलूपुर में 219, अर्दली बाजार में 194 और बीएचयू क्षेत्र में 170 एक्यूआई रहा। प्रदूषण से सांस के मरीज बढ़े, ऑक्सीजन तक की नौबत लगातार बढ़ते प्रदूषण का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। अस्पतालों में सांस संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। लोगों को सांस फूलने, खांसी और सीने में परेशानी की शिकायत हो रही है। गंभीर स्थिति वाले कुछ मरीजों को ऑक्सीजन सपोर्ट तक देना पड़ रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक बच्चों, बुजुर्गों और सांस के रोगियों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। मौसम के उतार-चढ़ाव का फसलों पर भी असर मौसम में बदलाव और तापमान में संभावित गिरावट का असर रबी फसलों पर पड़ सकता है। इस समय किसान गेहूं, चना, मटर और सरसों की बुवाई की तैयारी में जुटे हैं। ठंड बढ़ने से गेहूं की शुरुआती बढ़वार के लिए अनुकूल वातावरण मिल सकता है। हालांकि खेतों में नमी की स्थिति देखकर ही सिंचाई करनी चाहिए। सरसों और सब्जियों की फसलों में तापमान और मौसम के बदलाव पर नजर रखना जरूरी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User