सस्ते प्लॉट दिलाने के नाम पर 63.20 लाख ठगे:देवरिया में पैसे लेकर जमीन नहीं दी, लेखपाल समेत छह लोगों पर मुकदमा
देवरिया में सस्ते प्लॉट दिलाने का झांसा देकर 63.20 लाख रुपये लेने का आरोप लगा है। सदर कोतवाली पुलिस ने बरहज तहसील के लेखपाल समेत छह लोगों के खिलाफ रविवार रात 10:30 बजे मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने एसपी के आदेश पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
सलेमपुर थाना क्षेत्र के बरसीपार छावनी टोला निवासी अभिनंदन चौहान बरहज तहसील में लेखपाल हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बरहज तहसील में तैनात लेखपाल गोविंद कुमार कश्यप ने देवरिया में सस्ते दाम पर प्लॉट दिलाने की बात कही थी। गोविंद ने अपने दोस्त बृजेश गुप्ता से मिलवाया, जिसका भुजौली चौराहे पर मूनलाइट रेस्टोरेंट है।
शिकायत के मुताबिक, गोविंद कश्यप के कहने पर अभिनंदन अपने साथी लेखपालों और परिचितों के साथ रेस्टोरेंट पहुंचे। वहां उनकी मुलाकात गोविंद की पत्नी पुनीता कश्यप, बृजेश गुप्ता और उसकी पत्नी नेहा शर्मा से हुई। उन्होंने बताया कि बीआर आदि शक्ति ग्रुप नाम से कंपनी बनाई गई है और उसके निदेशक रविंद्र राव हैं। सभी को सस्ते दाम पर जमीन देने का भरोसा दिया गया।
अभिनंदन ने बृजेश के खाते में 5 लाख रुपये और 3.50 लाख रुपये नकद दिए। राणा प्रताप ने खाते में 1.50 लाख और नकद 10 लाख रुपये दिए। शशि प्रकाश श्रीवास्तव ने 12 लाख रुपये आरटीजीएस से और 6 लाख रुपये नकद दिए।
अजय कुमार सचान ने 13.20 लाख रुपये, सूरज सिन्हा ने 2 लाख रुपये और अमरनाथ ने 10 लाख रुपये खाते में जमा किए। शिकायत के मुताबिक, कुल 63.20 लाख रुपये दिए गए।
आरोप है कि रुपये लेने के बाद भी जमीन नहीं दी गई और आरोपी टालमटोल करने लगे। अभिनंदन ने गोविंद कश्यप, बृजेश गुप्ता, मुन्नी गुप्ता, पुनीता कश्यप, रविंद्र राव और नेहा शर्मा पर साजिश कर रुपये लेने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)