सुल्तानपुर में गठबंधन की सीटों पर दावेदारी बढ़ी:2027 चुनाव में भाजपा एक या दो सीटें देगी; निषाद पार्टी और सुभासपा के नेता दावेदार
सुल्तानपुर में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा गठबंधन में एक या दो सीटें देगी, इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई है। पिछले चुनाव में भाजपा ने सदर (जयसिंहपुर) सीट निषाद पार्टी को दी थी। हालांकि, निषाद पार्टी के प्रत्याशी ने भाजपा के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ा था। इस बार निषाद पार्टी के साथ सुभासपा ने भी सीट पर दावेदारी की है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह के पति और बल्दीराय ब्लॉक प्रमुख शिव कुमार सिंह कुछ महीने पहले भाजपा छोड़कर ओपी राजभर की सुभासपा में शामिल हुए थे। कहा जा रहा है कि उन्होंने टिकट के लिए पार्टी बदली। उस समय ओपी राजभर जिले के प्रभारी मंत्री थे। उनके कई कार्यक्रम इसौली विधानसभा क्षेत्र में हुए। भाजपा को वहां अपनी स्थिति डांवाडोल लगी तो जिला संगठन की शिकायत पर राजभर को अम्बेडकर नगर का प्रभारी मंत्री बना दिया गया। इसके बाद भी शिव कुमार सिंह दावेदारी कर रहे हैं।
हाल ही में शिव कुमार सिंह ने अपना राजनीतिक कद दिखाने के लिए राजन जी महाराज की कथा कराई। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को भी आमंत्रण भेजा गया था, लेकिन वे नहीं पहुंचे। ओपी राजभर कथा में शामिल हुए। शिव कुमार सिंह 2017 में एमबीसीओआई से इसौली सीट पर चुनाव लड़े थे और उन्हें 11,445 वोट मिले थे।
सदर सीट से राजप्रसाद उपाध्याय ने 2012 और 2017 में बसपा के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ा था। दोनों बार वे दूसरे स्थान पर रहे। 2022 में उन्होंने पार्टी बदली और आखिरी समय में निषाद पार्टी में शामिल हुए। टिकट मिलने के बाद उन्होंने भाजपा के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ा और विधायक बने।
इस बार राजप्रसाद उपाध्याय के टिकट पर भी सवाल हैं। निषाद पार्टी से सदर या लंभुआ सीट पर डॉ. आशीष तिवारी भी टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। अब देखना है कि भाजपा अपने सहयोगी दलों को कितनी सीटें देती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)