सुल्तानपुर में युवक का चौथे दिन अंतिम संस्कार:जगरानी हॉस्पिटल के संचालक पर लापरवाही का आरोप, केस
सुल्तानपुर के मोतिगरपुर थाना क्षेत्र स्थित जगरानी हॉस्पिटल में सर्जरी के दौरान युवक की मौत हो गई। घटना के चौथे दिन शनिवार दोपहर करीब दो बजे दियरा राजघाट के पास उसका अंतिम संस्कार किया गया। स्वास्थ्य विभाग की जांच में अस्पताल में कई अनियमितताएं मिलीं। इसके बाद अस्पताल को सील कर दिया गया। सीएचसी अधीक्षक की तहरीर पर अस्पताल संचालक के खिलाफ लापरवाही से मौत का मुकदमा दर्ज किया गया है। भाई ने सीएमओ से की थी शिकायत, जांच के लिए पहुंची टीम मोतिगरपुर के कोड़रिया (दियरा) निवासी सुनील कुमार ने अपने भाई दिवाकर की मौत को लेकर सीएमओ से शिकायत की थी। उन्होंने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया था। शिकायत के बाद 19 नवंबर 2026 को अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेसी सरोज, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रभात दत्त त्रिपाठी और सीएचसी मोतिगरपुर के अधीक्षक डॉ. अवनीश कुमार मिश्रा की टीम ने बद्दग्राम मोतिगरपुर स्थित जगरानी हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ नहीं मिले निरीक्षण के दौरान अस्पताल संचालक डॉ. एपी प्रजापति मौजूद थे। हालांकि, पंजीकृत पूर्णकालिक चिकित्सक डॉ. ऋषिकांत और पैरामेडिकल स्टाफ नहीं मिले। संचालक ने जांच टीम को बताया कि दिवाकर को 18 नवंबर को दोपहर दो बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके मुताबिक, देर रात करीब एक बजे दिवाकर को सर्जरी के लिए ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया। वहां सर्जन डॉ. वीके शर्मा और निश्चेतक डॉ. आई अहमद ने इंजेक्शन लगाए। इसके तुरंत बाद मरीज को झटके आने लगे और उसकी हालत गंभीर हो गई। जांच टीम को मौके पर इंजेक्शन की खाली शीशी नहीं मिली। बेड हेड टिकट पर डॉक्टर के हस्ताक्षर नहीं मिले जांच टीम को मरीज की बेड हेड टिकट (बीएचटी) पर किसी डॉक्टर के हस्ताक्षर नहीं मिले। टीम ने बीएचटी, सीसीटीवी डीवीआर और अन्य जरूरी कागजात कब्जे में ले लिए। हालत बिगड़ने पर अस्पताल संचालक दिवाकर को एम्बुलेंस के बजाय अपनी निजी ऑल्टो कार से जिला अस्पताल ले गए। उनके साथ न तो कोई डॉक्टर था और न ही ऑक्सीजन सिलेंडर। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दिवाकर को मृत घोषित कर दिया। जांच में मिलीं कई खामियां, अस्पताल सील स्वास्थ्य विभाग की जांच में सामने आया कि एनेस्थीसिया अस्पताल के पैनल पर पंजीकृत नहीं थे। इसके अलावा अस्पताल में मानकों के अनुसार डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ भी मौजूद नहीं थे। टीम ने प्रथम दृष्टया अस्पताल प्रशासन को जिम्मेदार मानते हुए 19 नवंबर को अस्पताल सील कर दिया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अवनीश कुमार मिश्रा की तहरीर पर मोतिगरपुर थाने में अस्पताल संचालक डॉ. एपी प्रजापति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
....
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)