स्वाती सहगल ने बाल गृह में बच्चों संग दीपावली मनाई:बागपत के क्षितिज बाल एवं शिशु गृह में फल-मिठाई बांटी, भगवान श्रीराम की कहानियां सुनाईं
बागपत में दीपावली का पर्व खुशियां बांटने और अपनों के साथ त्योहार मनाने का संदेश देता है। इसी भावना के साथ बागपत के सरूरपुर कलां स्थित क्षितिज बाल एवं शिशु गृह में दीपावली का उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल की धर्मपत्नी एवं शासन द्वारा गठित आकांक्षा समिति की जनपद अध्यक्ष स्वाती सहगल बाल गृह पहुंचीं और बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस दौरान स्वाती सहगल ने बच्चों को फल और मिठाइयां वितरित कीं। उन्होंने बच्चों के बीच बैठकर भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़ी प्रेरणादायक कहानियां सुनाईं और उन्हें अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। स्वाती सहगल ने बच्चों को दुलार किया और उनके साथ आत्मीयता से समय बिताया। उनके पहुंचने पर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान बाल गृह के बच्चों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों ने आकर्षक खेलों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया। पूरा बाल गृह खुशियों और उमंग से सराबोर नजर आया।स्वाती सहगल ने बच्चों को स्नेह और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए बाल संरक्षण के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर भविष्य देने के लिए उन्हें अपनत्व, शिक्षा और उचित देखभाल मिलना बेहद जरूरी है। गौरतलब है कि सरूरपुर कलां में स्थापित जनपद का पहला क्षितिज बाल एवं शिशु गृह उन बच्चों के लिए सहारा बना है, जिन्हें किसी कारणवश पारिवारिक संरक्षण नहीं मिल पाता। यहां बच्चों के भोजन, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेलकूद और भावनात्मक सहयोग की व्यवस्था की गई है। दीपावली पर आयोजित यह कार्यक्रम बच्चों के जीवन में खुशियां, अपनत्व और सुरक्षित बचपन का संदेश दे गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)