टाटमिल-घंटाघर रोड की बदहाली पर व्यापारियों का फूटा गुस्सा:घंटा-घड़ियाल बजाकर प्रशासन को चेताया, बोले- जर्जर सड़क से ग्राहक परेशान, कारोबारी बेहाल
कानपुर में टाटमिल से घंटाघर जाने वाली सड़क की बदहाली और जलभराव से परेशान व्यापारियों व क्षेत्रीय निवासियों ने बुधवार को धरना-प्रदर्शन कर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने घंटा-घड़ियाल बजाकर नाराजगी जताई। व्यापारियों ने बताया कि इस सड़क पर आए दिन गड्ढों में गिरकर लोग घायल हो रहे हैं।उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ तो दीपावली के बाद व्यापारियों और क्षेत्रीय निवासियों के साथ अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। घंटा-घड़ियाल बजाकर व्यापारियों ने जताया विरोध भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र और जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता गोरे के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी गैंजेस मार्केट और गैंजेस ग्लेरिया सोसायटी के निवासियों की शिकायत पर मौके पर पहुंचे थे। व्यापारियों और क्षेत्रीय निवासियों ने सड़क किनारे टाटमिल चौराहे पर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए सड़क की मरम्मत, जलनिकासी की व्यवस्था और स्थायी निर्माण की मांग उठाई। गड्ढों से कारोबार प्रभावित, रोजाना हादसों का खतरा प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र ने कहा कि टाटमिल से घंटाघर जाने वाली रोड पर व्यापारिक गतिविधियों और आम लोगों के आवागमन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। सड़क की जर्जर हालत और जलभराव के कारण व्यापारी, ग्राहक, राहगीर और वाहन चालक रोजाना परेशान हो रहे हैं। गहरे गड्ढों के कारण दुर्घटनाएं हो रही हैं और व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। संबंधित विभाग को बिना देरी किए जलनिकासी की व्यवस्था कर सड़क का निर्माण कराना चाहिए। व्यापारियों ने जताया विरोध जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता गोरे ने कहा कि सड़क की बदहाली और जलभराव के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होना चिंता का विषय है। प्रशासन को जनसमस्या का संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए। छावनी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजय गुप्ता राजू और महामंत्री आलोक बाजपेयी ने कहा कि सड़क पर पानी और गड्ढों के कारण ग्राहक दुकानों तक आने से कतराते हैं। इससे कारोबार पर असर पड़ रहा है और वाहन सवार आए दिन चोटिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को आश्वासन नहीं, बल्कि समस्या का स्थायी समाधान चाहिए। पीडब्ल्यूडी तक मामला पहुंचाने का आश्वासन धरना-प्रदर्शन के दौरान छावनी बोर्ड के नामित सदस्य लखन ओमर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों की समस्याएं सुनीं और जलभराव से राहत दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि संबंधित सड़क लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधीन है। प्रदर्शन में गैंजेस मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजीत वर्मा, गैंजेस ग्लेरिया सोसायटी के चेयरमैन जितेंद्र केसरवानी, संगठन के जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अब्दुल वहीद, जिला मंत्री मोहम्मद ताहिर, पम्मी गुप्ता, अमित गुप्ता तथा महिलाओं में सुषमा केसरवानी, दीपमाला वर्मा, बीना शुक्ला और रिकी गुप्ता समेत बड़ी संख्या में व्यापारी व क्षेत्रीय निवासी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)