तलाशी में कुछ नहीं मिला तो युवक को गोली मारी:बाइक से आए दो बदमाशों ने पहले पता पूछा, लखनऊ रेफर; FIR दर्ज
हरदोई के पिहानी कोतवाली क्षेत्र में गोपामऊ-पिहानी मार्ग पर बखरिया गांव के पास शनिवार रात करीब 9:30 बजे बिना नंबर प्लेट की बाइक से आए दो बदमाशों ने लघुशंका कर रहे युवक को तमंचे से गोली मार दी। गोली युवक के बाएं पैर में घुटने के नीचे पीछे की ओर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के समय कन्हैया के साथ उनके दोस्त गोविंद भी मौजूद थे, हालांकि उन्हें कोई चोट नहीं आई। इस मामले में पुलिस ने देर रात 1:20 बजे हत्या के प्रयास की धारा में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। जानकारी के मुताबिक, बखरिया निवासी 24 वर्षीय कन्हैया सिंह उर्फ शुभम गुड़गांव की एक कंपनी में काम करते हैं। वह दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए गुरुवार को गांव आए थे। कन्हैया की बहन ने बताया कि शनिवार देर शाम वह अपने दोस्त गोविंद के साथ बाइक से पिहानी गए थे। रात करीब 9:30 बजे दोनों वापस गांव लौट रहे थे। गांव से लगभग 500 मीटर पहले कन्हैया ने बाइक रोक दी और सड़क किनारे लघुशंका करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक से दो युवक वहां पहुंचे। उन्होंने पहले कन्हैया से पता पूछा और फिर गाली-गलौज शुरू कर दी। बदमाशों ने कन्हैया की तलाशी भी ली। तलाशी में कुछ नहीं मिलने पर दोनों पक्षों के बीच बहस होने लगी। इसी बात से नाराज एक आरोपी ने तमंचे से कन्हैया के पैर में गोली मार दी। गोली लगने से कन्हैया घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों और पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें सीएचसी पिहानी पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज भेजा गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। कोतवाल एसएन सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के माध्यम से मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)