ऑटो में महिला के बैग से ज्वेलरी गायब:मैनपुरी में सोने के गहनों की कीमत करीब 50 लाख रुपए, पुलिस सीसीटीवी फुटेज देख रही
मैनपुरी के कोतवाली थाना क्षेत्र में ऑटो में सफर कर रही महिला के बैग से करीब 50 लाख रुपए की सोने की ज्वेलरी गायब हो गई। महिला ने ऑटो में साथ बैठी दो महिलाओं पर संदेह जताया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज देख रही है। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बैजनाथपुर निवासी 32 वर्षीय अनामिका पत्नी प्रबल कुमार रविवार को अपने मायके, बेवर थाना क्षेत्र के ग्राम मानिकपुर गई थीं। उसी दिन उनका भतीजा उन्हें बेवर बस स्टैंड पर ऑटो में बैठाकर आया था। अनामिका सफेद रंग के इलेक्ट्रिक ऑटो से मैनपुरी आ रही थीं। उनके मुताबिक, ऑटो में पहले से दो महिलाएं और एक युवती बैठी थीं। दोपहर करीब 12:38 बजे वह ईशन नदी पुल के पास ऑटो से उतरीं। बैग देखने पर उन्हें उसमें रखी ज्वेलरी नहीं मिली। गायब ज्वेलरी में पांच सोने के हार, एक सोने की चेन, मंगलसूत्र, चार सोने की चूड़ियां, आठ अंगूठियां, कानों के झुमके और टॉप्स शामिल हैं। अनामिका के मुताबिक, इनकी कुल कीमत करीब 50 लाख रुपए है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है। पुलिस ऑटो और उसमें सवार लोगों की जानकारी जुटाकर मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)