ट्रैक्टर की टक्कर से महिला की मौत, पति घायल:उन्नाव में शादी की खरीदारी कर लौट रहे थे दंपती, ड्राइवर फरार
उन्नाव के मौरावां थाना क्षेत्र में पारा मोड़ के पास शनिवार को ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार रूमी (24) की मौत हो गई। उनके पति संतोष घायल हो गए। दंपती परिवार में होने वाली शादी के लिए खरीदारी कर घर लौट रहे थे। परिजनों ने बताया कि संतोष खेती-किसानी करते हैं। उनके चाचा की बेटी सपना की शादी दो दिसंबर को होनी है। शादी के लिए कपड़े और अन्य सामान खरीदने संतोष और रूमी बाजार गए थे। वे साड़ी और कपड़े लेकर बाइक से लौट रहे थे, तभी पीछे से आए ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। परिजनों के मुताबिक, ट्रैक्टर विनोद पांडे चला रहे थे। टक्कर के बाद दंपती सड़क पर गिर गए और रूमी की मौके पर ही मौत हो गई। संतोष को अंदरूनी चोटें आईं और फ्रैक्चर होने की बात भी परिजनों ने बताई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। बाद में वे घर लौट आए। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक ने संतोष से बाइक की चाबी मांगी और अस्पताल ले जाने के लिए अपनी गाड़ी लाने की बात कही। इसके बाद वह मौके से चला गया और वापस नहीं आया। परिजनों ने चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शनिवार दोपहर करीब दो बजे पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने घटना की जानकारी दी। रूमी और संतोष की शादी करीब चार साल पहले हुई थी। उनकी तीन साल की बेटी प्रिया है। जिस घर में दो दिसंबर को बारात आने की तैयारी थी, वहां अब चीख-पुकार मची है। परिजनों ने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)