अरविंद राजभर ने सीटों की वायरल सूची फर्जी बताई:मैनपुरी में बोले- अखिलेश यादव NDA में फूट डालने के लिए करा रहे वायरल
मैनपुरी में शुक्रवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अरविंद राजभर ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने एनडीए में सीटों के बंटवारे, सपा की राजनीति और प्रदेश के मौजूदा हालात पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सुभासपा का मकसद सीटें मांगना नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनाना है। पार्टी अपने राजनीतिक वजूद के हिसाब से सम्मानजनक सीटें चाहती है। सीटों पर भाजपा नेताओं से चल रही बातचीत अरविंद राजभर ने बताया कि भाजपा के महत्वपूर्ण नेताओं के साथ सीटों को लेकर लंबे समय से बातचीत चल रही है। कई सीटें फाइनल होने की स्थिति में हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए की ओर से जितनी सीटें मिलेंगी, सुभासपा उन पर चुनाव लड़ेगी। सीटों को लेकर गठबंधन में किसी तरह का विवाद नहीं है। उनका कहना है कि पार्टी चाहती है कि उसके कार्यकर्ताओं को भी चुनाव लड़ने का मौका मिले। 6 दिसंबर को आजमगढ़ से शुरू होगा अभियान अरविंद राजभर ने बताया कि 6 दिसंबर 2026 को आजमगढ़ के आईटीआई कॉलेज मैदान में सामाजिक समरसता महारैली आयोजित की जाएगी। इसी रैली से पार्टी 2027 विधानसभा चुनाव के अभियान की शुरुआत करेगी। अखिलेश यादव की ओर से सुभासपा की 36 सीटों की मांग वाली सूची वायरल किए जाने के सवाल पर उन्होंने इसे फर्जी बताया। आरोप लगाया कि अखिलेश यादव एनडीए में फूट डालने के लिए ऐसी सूचियां वायरल करा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा और कांग्रेस की सूचियां भी पहले वायरल कराई गई थीं। अखिलेश पर साधा निशाना, बोले- चुनाव लोकतंत्र का हिस्सा सपा प्रमुख अखिलेश यादव के 2027 में सरकार बनाने के दावे पर अरविंद राजभर ने तंज कसा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा नेताओं की बयानबाजी से उनके पुराने कार्यकाल की गुंडई और भय, भूख व भ्रष्टाचार की राजनीति झलकती है। 'चुनाव नहीं, इंकलाब होगा' वाले बयान पर उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का हिस्सा है, युद्ध का मैदान नहीं। जनता मतदान के जरिए सरकार चुनती है। उन्होंने रामगोपाल यादव और शिवपाल यादव के बयानों पर भी सवाल उठाए। साथ ही आरोप लगाया कि सपा एक तरफ संविधान और पीडीए की बात करती है, दूसरी तरफ दलितों के लिए आपत्तिजनक भाषा और लाठी-डंडों की बात करती है। ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन से भाजपा को फायदा बताया संविधान की सुरक्षा के सवाल पर अरविंद राजभर ने कहा कि उनके हिसाब से भाजपा सरकार में संविधान सुरक्षित है। उन्होंने सुझाव दिया कि देश के हर बच्चे को प्राथमिक विद्यालय से ही संविधान की पढ़ाई कराई जानी चाहिए। पुलवामा आतंकी हमले से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि हाल में सामने आई खबरों के अनुसार घटनाओं से जुड़े इनपुट सार्वजनिक किए जा रहे हैं। वहीं, चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के गठबंधन से भाजपा को नुकसान होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इससे भाजपा को 100 प्रतिशत फायदा होगा। उन्होंने दावा किया कि मुस्लिम समाज सपा की राजनीति को समझ रहा है। उनके मुताबिक, सपा ने मुस्लिम समाज का इस्तेमाल किया और जरूरत के समय उसके मुद्दों पर खुलकर साथ नहीं दिया। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज ओवैसी के साथ जाता है तो इससे भाजपा की चुनावी संभावनाओं पर नकारात्मक असर नहीं पड़ेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)