तूफान अर्णब से बरेली में बिगड़ेगा मौसम:कल होगी भारी बारिश, तेज हवाओं के साथ गिरेगा पारा
बरेली में आज दिनभर बादलों और हल्की धूप के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। दोपहर तक आसमान में धूप-छांव की स्थिति बनी रहेगी, जबकि शाम होते-होते बादलों का असर फिर से बढ़ सकता है। आज अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिन में हल्की हवाएं चलेंगी और केवल छिटपुट बूंदाबांदी के आसार हैं। कल 30 अक्टूबर को भारी बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार के अनुसार, चक्रवाती तूफान 'अर्णब' के प्रभाव और पश्चिमी विक्षोभ के चलते कल बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भारी बारिश का खतरा है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और आंधी चलने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की है। पारे में बड़ी गिरावट, अचानक बढ़ेगी ठंडक
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार के मुताबिक, इस मौसमी बदलाव और व्यापक वर्षा की वजह से प्रदेश में दिन के तापमान में 6 से 9 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट आ सकती है। बरेली में भी तेज बारिश और झोंकेदार हवाओं के असर से दिन के तापमान में उल्लेखनीय कमी दर्ज होगी, जिससे मौसम अचानक सर्द हो जाएगा और ठंड बढ़ जाएगी। खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान का डर
इस बेमौसम बारिश और तेज आंधी से किसानों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। खेतों में पककर तैयार खड़ी धान की फसल, गन्ने, हाल ही में बोई गई सरसों और आलू की बुवाई पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ने की आशंका है। मौसम विभाग और कृषि जानकारों ने किसानों को खेतों में जरूरी सतर्कता बरतने की सलाह दी है। 1 नवंबर से साफ होने लगेगा आसमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, तूफान और मौसमी हलचल का यह असर 31 अक्टूबर तक बना रहेगा। इसके बाद 1 नवंबर से मौसम का मिजाज फिर से बदलने लगेगा, आसमान पूरी तरह साफ होगा और धूप निकलने के साथ जनजीवन सामान्य हो जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)