त्योहारों को लेकर महराजगंज में अलर्ट:84 किलोमीटर इलाके में संयुक्त चेकिंग और पैदल गश्त, ड्रोन से निगरानी

Nov 07, 2026 - 12:24
0
त्योहारों को लेकर महराजगंज में अलर्ट:84 किलोमीटर इलाके में संयुक्त चेकिंग और पैदल गश्त, ड्रोन से निगरानी
महराजगंज में दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शासन के निर्देश पर जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। त्योहारों के दौरान बाजारों, प्रमुख चौराहों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की जा रही है। वहीं, भारत-नेपाल की 84 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं। दीपावली के दिन लक्ष्मी पूजा पंडालों और प्रमुख आयोजन स्थलों पर विशेष सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई जा रही है। ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की फुट पेट्रोलिंग भी लगातार जारी है। एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसमें क्षेत्र के संभ्रांत लोगों और धर्मगुरुओं से आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर भी पुलिस की विशेष निगरानी है। किसी भी तरह की भ्रामक खबर, फेक न्यूज या भड़काऊ पोस्ट फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उधर, भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त चेकिंग और पैदल गश्त जारी है। सीमा से जुड़े संवेदनशील रास्तों और पगडंडियों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसके साथ ही ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा और आपसी भाईचारा बनाए रखना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User