उगते सूर्य को अर्घ्य देकर महिलाओं ने खोला निर्जला व्रत:अमेठी में भोर से ही पूजा स्थलों पर जुटने लगे श्रद्धालु, घाटों पर गूंजे छठी मैया के जयकारे

Nov 16, 2026 - 08:56
0
उगते सूर्य को अर्घ्य देकर महिलाओं ने खोला निर्जला व्रत:अमेठी में भोर से ही पूजा स्थलों पर जुटने लगे श्रद्धालु, घाटों पर गूंजे छठी मैया के जयकारे
अमेठी में लोक आस्था के महापर्व छठ का सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ समापन हो गया। जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भोर से ही व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं का घाटों पर पहुंचना शुरू हो गया था। महिलाओं ने जल में खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया और छठी मैया की पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया। व्रती महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की लंबी उम्र की कामना की। सूप में फल और ठेकुआ लेकर घाटों पर पहुंचीं महिलाएं रविवार शाम अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद से ही महिलाएं सोमवार सुबह की पूजा की तैयारियों में जुट गई थीं। सोमवार तड़के करीब 4 बजे महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ पूजा सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचने लगीं। सूप में गन्ना, केला, नारियल, ठेकुआ और मौसमी फल सजाकर भगवान सूर्य की पूजा की गई। सूर्य की पहली किरण दिखाई देने पर महिलाओं ने जल और दूध से अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान घाटों पर छठ गीतों और छठी मैया के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। लोदी बाबा मंदिर के तालाब घाट पर उमड़ी भीड़ अमेठी, गौरीगंज, संग्रामपुर, जायस, फुरसतगंज, मुसाफिरखाना, बाजारशुक्ल और जगदीशपुर समेत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छठ महापर्व मनाया गया। गौरीगंज में लोदी बाबा मंदिर के सामने बने पक्के तालाब घाट पर भी बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं पहुंचीं। उनके साथ परिवार के पुरुष और बच्चे भी मौजूद रहे। पूजा-अर्चना के बाद महिलाओं ने एक-दूसरे को पारंपरिक प्रसाद वितरित किया और छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं। घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही। एसपी ने सुबह 5 बजे घाटों का किया निरीक्षण छठ महापर्व को देखते हुए सभी प्रमुख पूजा स्थलों पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। पुलिसकर्मियों के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी तैनात रहे। अमेठी के एसपी सरवणन टी ने सोमवार सुबह करीब 5 बजे अलग-अलग घाटों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने लगातार पूजा स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर नजर रखी। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही जिले में चार दिवसीय छठ महापर्व का विधि-विधान से समापन हो गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User