उगते सूर्य को अर्घ्य देकर महिलाओं ने खोला निर्जला व्रत:चार दिन तक चला छठ महापर्व, घाटों पर पहुंचकर महिलाओं ने की पूजा-अर्चना
छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार सुबह व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर अपना 36 घंटे का निर्जला व्रत खोला। सुबह महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ घाटों पर पहुंचीं। यहां सूप और बांस की टोकरी में फल, ठेकुआ, नारियल, गन्ना और अन्य पूजन सामग्री सजाकर सूर्य देव को अर्घ्य दिया। इसके बाद छठी मैया की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। सूर्य को अर्घ्य देने के बाद महिलाओं ने प्रसाद ग्रहण कर व्रत का पारण किया। इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो गया। चार दिन तक ऐसे चला छठ महापर्व छठ महापर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हुई थी। पहले दिन व्रती महिलाओं ने घरों की साफ-सफाई कर स्नान किया और शुद्धता के साथ भोजन ग्रहण किया। इसके साथ ही चार दिवसीय पर्व के नियमों का पालन शुरू हो गया। शनिवार को दूसरे दिन महिलाओं ने खरना की पूजा की। इस दिन महिलाओं ने पूरे दिन निर्जला व्रत रखा और शाम को पूजा के लिए गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार किया। छठी मैया को भोग लगाने के बाद महिलाओं ने प्रसाद ग्रहण किया और परिवार के सदस्यों व परिचितों में भी वितरित किया। खरना के बाद से ही 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो गया। रविवार को तीसरे दिन महिलाओं ने संध्या अर्घ्य की तैयारी की। शाम को पूजा की टोकरी और सूप में मौसमी फल, ठेकुआ, नारियल, गन्ना और अन्य सामग्री सजाकर घाटों व जलाशयों पर पहुंचीं। यहां डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया और छठी मैया की पूजा की। इस दौरान घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। इसके बाद सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ व्रत का समापन हुआ। महिलाओं ने प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)