उत्तरकाशी में आग की चपेट में आया पूरा गांव:30 घर जले, 5-6 सिलेंडर ब्लास्ट; फायर ब्रिगेड-पुलिस मौके पर पहुंची, कल CM के आने की संभावना
उत्तरकाशी जिले के मोरी ब्लॉक के पवाणी गांव में मंगलवार शाम करीब 5 बजे भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने करीब 30 मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें देखकर ग्रामीणों ने शोर मचाया और प्रशासन को सूचना दी। आग से कई परिवारों को लाखों रुपए के नुकसान की आशंका है। ग्रामीणों के मुताबिक, आग लगने के दौरान करीब 5-6 गैस सिलेंडर भी फट गए। इससे आग और विकराल हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, शाम 7 बजे तक दमकल विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी। हालांकि, अब फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं और राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। प्रभावित क्षेत्र में राहत सामग्री पहुंचाने के लिए प्रशासन ने वाहन रवाना किए हैं। विधायक दुर्गेश्वर लाल ने पोस्ट कर घटना पर दुख जताया और प्रशासन की टीम भेजने की जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक, CM पुष्कर सिंह धामी कल (25 नवंबर) गांव का दौरा कर सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पवाणी गांव मोरी से 40-50 किमी दूर है। पहाड़ी रास्ते और मोबाइल नेटवर्क की समस्या से राहत कार्य में दिक्कत आई। फिलहाल आग का कारण और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। जनहानि की सूचना नहीं है। तस्वीरें देखिए…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)