भगवान-राम की तीर चलाकर रावण वध वाली की रंगोली सजी:कानपुर में दीपोत्सव में 20 हजार श्रद्धालु परमट घाट पहुंचे, 50 हजार दिया जलाए
कानपुर में मंगल़वार शाम को देव दीपावली पर बाबा आनंदेश्वर मंदिर के किनारे स्थित परमट घाट पर भव्य आयोजन हुआ। घाट पर करीब 20 हजार श्रद्धालुओं ने दीप जलाकर मां गंगा की आरती और पूजन किया। इस दौरान पूरा घाट दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। आयोजन में सड़क, मंदिर परिसर और घाट पर 300 से ज्यादा रंगोलियां बनाई गईं। स्थानीय लोगों की ओर से बनाई गई इन रंगोलियों में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक संदेश भी देखने को मिले। रावण वध की रंगोली ने खींचा लोगों का ध्यान
आयोजन में सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र ग्वालटोली निवासी खुशी और हंसी भदौरिया की बनाई रंगोली रही। इसमें दशानन रावण के दस सिर दिखाए गए हैं। भगवान राम को तीर चलाकर रावण का वध करते हुए दर्शाया गया है। रंगोली के जरिए बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया। खुशी और हंसी ने बताया कि इस रंगोली के माध्यम से समाज को संदेश देने की कोशिश की गई है। इसमें लिखा गया है- 'छल का लड्डू धूल है, श्रद्धा का फल सार। नियत जिसकी साफ है, बेड़ा उसका पार।' लोगों ने इस संदेश और रंगोली की जमकर सराहना की। राम दरबार से लेकर शिव-पार्वती तक की रंगोलियां
अन्य रंगोलियों में भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण के अयोध्या लौटने के दृश्य को रंगों से खूबसूरती से उकेरा गया। वहीं मंदिर परिसर में भगवान शिव और माता पार्वती की रंगोली भी बनाई गई। सड़क से लेकर घाट और मंदिर परिसर तक रंग-बिरंगी रंगोलियों ने आयोजन की रौनक बढ़ाई। भजन-कीर्तन पर झूमे श्रद्धालु, गंगा आरती में शामिल हुए लोग
देव दीपावली पर गंगा घाट के किनारे भजन गायकों ने भी अपनी प्रस्तुतियां दीं। भक्ति गीतों की धुन पर हजारों श्रद्धालु झूमते नजर आए। शाम को महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने एक साथ मां गंगा की आरती की और दीपदान किया। घाट पर दीपों की रोशनी, भक्ति संगीत और नृत्य का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूरे आयोजन में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)