वान्या के बाद चार मासूम थे सोनम के निशाने पर:दीवार पर लिखे थे 5 बच्चियों के नाम, बुलबुल की चाहत में वान्या की बलि चढ़ा दी

Nov 23, 2026 - 08:14
0
वान्या के बाद चार मासूम थे सोनम के निशाने पर:दीवार पर लिखे थे 5 बच्चियों के नाम, बुलबुल की चाहत में वान्या की बलि चढ़ा दी
बुलंदशहर में 3 साल की बच्ची की हत्या का मामला सामने आने के बाद पूरे मोहल्ले में दहशत है। पड़ोस में किराए पर रहने वाली महिला सोनम ने अपनी 8 साल की बेटी बुलबुल को वापस पाने के लिए तंत्र-मंत्र का सहारा लिया। पुलिस ने देर रात आरोपी महिला को बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान महिला के कमरे की दीवार पर मोहल्ले की पांच बच्चियों के नाम लिखे होने की बात भी सामने आई है। स्थानीय लोगों का दावा है कि वान्या का नाम सूची में सबसे ऊपर था। इसके नीचे चार अन्य बच्चियों के नाम लिखे थे। हालांकि, पुलिस की ओर से इस कथित सूची और पांच बच्चियों की बलि की योजना की पुष्टि अभी स्पष्ट नहीं की गई है। महिला से पूछताछ और मामले की जांच जारी है। रात में पड़ोसी के कमरे में मिली थी वान्या की लाश मोहल्ला भूड़ निवासी सचिन ई-रिक्शा चलाते हैं। परिवार में पत्नी शारदा, पांच साल का बेटा कार्तिक और तीन साल की बेटी मान्या उर्फ वान्या थी। सचिन के घर से एक मकान छोड़कर सोनम किराए पर रहती थी। शनिवार सुबह वान्या घर के बाहर खेल रही थी। उसकी मां शारदा घर में खाना बना रही थीं। दोपहर करीब 12 बजे शारदा ने सचिन को फोन कर बेटी के लापता होने की जानकारी दी। सचिन घर पहुंचे और पत्नी के साथ आसपास तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और मोहल्ले के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन बच्ची का पता नहीं चला। परिवार ने एआई की मदद से बच्ची के लापता होने के पोस्टर भी बनवाए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आसपास के 150 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान एक कैमरे में बच्ची दिखाई दी। जांच के दौरान पड़ोस में रहने वाली महिला के कमरे पर पुलिस को शक हुआ। महिला सुबह से लापता थी और उसके कमरे पर ताला लगा था। रात करीब 9 बजे पुलिस ने ताला तोड़कर तलाशी ली तो अंदर बच्ची का शव मिला। मुंह में कपड़ा, शरीर पर चंदन-सिंदूर; 11 नींबू भी मिले कमरे के अंदर का मंजर देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। बच्ची के मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था। उसके माथे पर नींबू रखा था और शरीर पर चंदन व सिंदूर लगा था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मौके से 11 नींबू बरामद हुए हैं। आशंका है कि बच्ची के हाथ-पैर बांधकर उसकी अंगुलियां काटी गईं और खून का इस्तेमाल कथित तंत्र-मंत्र में किया गया। बच्ची के चाचा अंकित ने बताया कि आरोपी महिला अक्सर खाने-पीने की चीजें देने के बहाने आसपास के बच्चों को अपने कमरे में बुलाती थी। आशंका है कि शनिवार को भी उसने इसी तरह वान्या को अपने पास बुलाया होगा। पुलिस अब हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। दीवार पर पांच बच्चियों के नाम, वान्या के बाद बाकी पर था खतरा? मामले में सबसे चौंकाने वाली बात आरोपी महिला के कमरे की दीवार पर पांच बच्चियों के नाम लिखे होने की है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस सूची में सबसे ऊपर वान्या का नाम था। उसके नीचे मोहल्ले की चार अन्य बच्चियों के नाम दर्ज थे। इस जानकारी के सामने आने के बाद मोहल्ले के लोगों में डर और गुस्सा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पुलिस समय रहते महिला तक नहीं पहुंचती तो बाकी बच्चियां भी खतरे में पड़ सकती थीं। हालांकि, इन चार बच्चियों को निशाना बनाने की योजना और कथित सूची के पीछे की मंशा की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। बेटी बुलबुल को पाने के लिए तंत्र-मंत्र में फंसी थी महिला पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला की आठ साल की बेटी बुलबुल अपने पिता के पास रहती है। पति से विवाद के बाद महिला बेटी को लेकर अलग रहने लगी थी। करीब 10 दिन पहले महिला ने कथित तौर पर बेटी को छत से धक्का दे दिया था, जिससे उसे चोट आई थी। इसके बाद मायके वालों ने सुलहनामे के तहत बच्ची को उसके पिता के पास भेज दिया था। एसपी सिटी अभिषेक प्रताप के मुताबिक, पकड़ी गई महिला नशा करने के साथ तंत्र-मंत्र भी करती थी। वह तंत्र-मंत्र के जरिए अपनी बेटी बुलबुल को वापस पाना चाहती थी। इसी वजह से उसने वान्या की हत्या की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। उधर, घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने दिल्ली रोड पर जाम लगाकर हंगामा किया था। अधिकारियों के कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम खुलवाया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User