वेलनेस सिटी में 214 किसानों को मिले 338 प्लॉट:एलडीए ने लॉटरी से किया आवंटन, छह श्रेणियों के विकसित प्लॉट बांटे गए
एलडीए की वेलनेस सिटी योजना में मंगलवार को 214 किसानों को लॉटरी के जरिए 338 विकसित प्लॉट आवंटित किए गए। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मर्करी हॉल में योजना के दूसरे चरण की लॉटरी निकाली गई। आवंटन की प्रक्रिया में किसानों को खुद पर्चियां निकालने का मौका दिया गया। लॉटरी में प्लॉट मिलने के बाद किसानों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। 485 हेक्टेयर में विकसित हो रही योजना एलडीए के उपाध्यक्ष अनुज सिंह ने बताया कि वेलनेस सिटी योजना सुलतानपुर रोड और किसान पथ के बीच 485 हेक्टेयर क्षेत्रफल में विकसित की जा रही है। लैंड पूलिंग नीति के तहत जिन किसानों और भू-स्वामियों ने 20 सितंबर 2026 तक अपनी जमीन का अनुबंध प्राधिकरण के पक्ष में किया था, उन्हें उनकी दी गई जमीन के बदले 25 प्रतिशत के बराबर विकसित प्लॉट आवंटित किए गए हैं। 35 से 288 वर्गमीटर तक के प्लॉट योजना के दूसरे चरण में छह अलग-अलग श्रेणियों के 338 प्लॉट आवंटित किए गए। इनमें 288 वर्गमीटर के 156, 200 वर्गमीटर के 27, 162 वर्गमीटर के 30, 128 वर्गमीटर के 44, 72 वर्गमीटर के 35 और 35 वर्गमीटर के 46 प्लॉट शामिल हैं। लॉटरी की पूरी प्रक्रिया का यूट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण भी किया गया। पहले चरण में 125 प्लॉट आवंटित एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा के मुताबिक, वेलनेस सिटी योजना में पहले चरण के दौरान किसानों को 125 विकसित प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं। मंगलवार को दूसरे चरण की लॉटरी के साथ अब तक कुल 463 प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं। इस दौरान एसडीएम संगीता राघव, प्रभारी अधिकारी योजना रवि नंदन सिंह, सचिव अतुल कुमार और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)