यम द्वितीया पर कायस्थ समाज ने किया सामूहिक हवन:बरेली के बाबा तपेश्वर नाथ मंदिर में विश्व कल्याण और सामाजिक सद्भाव की कामना
बरेली में यम द्वितीया पर कायस्थ समाज ने कलम-दवात का पूजन किया। कायस्थ सेना कल्याण परिवार ने सुभाष नगर स्थित बाबा श्री तपेश्वर नाथ मंदिर के चित्रगुप्त प्रांगण में सामूहिक पूजन और हवन कराया। यह आयोजन श्री चित्रगुप्त जयंती के अवसर पर हुआ। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने भगवान चित्रगुप्त जी महाराज और कलम-दवात का पूजन किया। इसके बाद हवन में आहुतियां देकर विश्व कल्याण, मानवता के उत्थान और सभी के सुख-समृद्धि की कामना की। कायस्थ समाज में कलम को ज्ञान, कर्म और लेखन का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि भगवान चित्रगुप्त सभी जीवों के कर्मों का लेखा-जोखा रखते हैं। परंपरा के अनुसार, दीपावली पर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा के साथ लेखनी को विश्राम दिया जाता है। यम द्वितीया पर कलम-दवात की पूजा के बाद दोबारा लेखन शुरू किया जाता है। इस दौरान श्रद्धालुओं ने समाज में भाईचारा, सद्भाव और सुख-शांति बनाए रखने की प्रार्थना की। सामूहिक पूजन के जरिए नई पीढ़ी को धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने का संदेश भी दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)