युवक को छोड़ने के लिए पुलिसकर्मी 5 लाख मांगे:बिजनौर में दरोगा समेत चार पर FIR, एसपी ने सभी को निलंबित किया

Nov 13, 2026 - 21:26
0
युवक को छोड़ने के लिए पुलिसकर्मी 5 लाख मांगे:बिजनौर में दरोगा समेत चार पर FIR, एसपी ने सभी को निलंबित किया
बिजनौर में युवक को हिरासत में लेकर मुकदमे से बचाने के नाम पर पांच लाख रुपये मांगने के आरोप में दरोगा समेत चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एसपी ने चौकी इंचार्ज समेत चारों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। शिकायतकर्ता ने पुलिसकर्मियों के साथ हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग होने का दावा किया है। पानीपत के गांव पत्थरगढ़ निवासी अमजद मजीदी पुत्र मौ. हारून ने नजीबाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि 11-12 नवंबर की रात करीब डेढ़ बजे चार लोग उनके घर पहुंचे। उन्होंने खुद को बिजनौर पुलिसकर्मी बताया और उनके भतीजे हमजा पुत्र कौसर को हत्या के प्रयास और जंगल में लकड़ी काटने के मुकदमे में वांछित बताया। अमजद के मुताबिक, दरोगा कुलवीर सिंह वर्दी में था, जबकि गौरव, विजयपाल और उपेंद्र सादे कपड़ों में थे। पुलिसकर्मियों ने उनके भाई के जरिए हमजा को बुलवाया। इसके बाद उसे निजी कार में बैठाकर ले जाने लगे। अमजद भी उनके साथ थाना सनौली पहुंच गए। अमजद ने दरोगा से कहा कि हमजा निर्दोष है। पूछताछ के लिए बुलाने पर वह उसे पेश कर देंगे। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनकी बात नहीं मानी। इसके बाद यूपी की सीमा में कैराना से पहले एक सड़क पर गाड़ी रोक दी गई। वहां विजयपाल ने हमजा को छोड़ने के बदले पांच लाख रुपये मांगे। अमजद ने खर्च के लिए 10-20 हजार रुपये देने की बात कही, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पांच लाख रुपये की मांग दोहराई। आरोप है कि रकम नहीं देने पर उन्हें सुबह सात बजे तक साहनपुर चौकी पहुंचने को कहा गया। ऐसा नहीं करने पर हमजा को जेल भेजने की धमकी दी गई। अमजद के मुताबिक, वह सुबह अपने साथियों के साथ साहनपुर पुलिस चौकी पहुंचे। आरोप है कि दरोगा कुलवीर सिंह ने उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप संदेश भेजकर विजयपाल का नंबर दिया। करीब साढ़े दस बजे विजयपाल, गौरव और उपेंद्र चौकी पहुंचे और फिर पांच लाख रुपये मांगे। रकम नहीं देने पर हमजा को दूसरे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। यह भी कहा गया कि ऐसे मुकदमे में फंसाया जाएगा, जिसमें हाईकोर्ट से भी जमानत नहीं मिल सकेगी। अमजद ने आरोप लगाया कि उनके साथी नौशाद ने पूरी बातचीत मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली। इसके बाद उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई। उन्होंने गुरुवार को पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। एसपी के आदेश पर दरोगा समेत चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चौकी इंचार्ज समेत चारों को निलंबित कर दिया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User