युवक पर बच्चों को कमरे में बुलाने का आरोप:फिरोजाबाद में अभिभावकों ने किया हंगामा, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

Nov 10, 2026 - 12:52
0
युवक पर बच्चों को कमरे में बुलाने का आरोप:फिरोजाबाद में अभिभावकों ने किया हंगामा, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
फिरोजाबाद के शिकोहाबाद नगर के स्वामी नगर मोहल्ले में सोमवार रात करीब 11 बजे बच्चों को रुपये और चॉकलेट का लालच देकर कमरे में बुलाने के आरोप पर हंगामा हुआ। एक बच्चे के परिजनों की शिकायत के बाद मोहल्ले के लोग आरोपी युवक के घर पहुंचे और विरोध जताया। पुलिस युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। आरोप है कि युवक ने मोहल्ले के एक बच्चे को रुपये देने का लालच देकर अपने कमरे में बुलाने की कोशिश की। बच्चे ने कमरे में जाने से इनकार कर दिया और घर पहुंचकर पिता को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजनों ने मोहल्ले के लोगों को जानकारी दी। मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि युवक अक्सर बच्चों को अकेला देखकर रुपये और चॉकलेट देने का लालच देता है और कमरे में बुलाने की कोशिश करता है। उनका दावा है कि वह पहले भी कई बच्चों के साथ ऐसा कर चुका है। लोगों ने युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हंगामा बढ़ने पर आरोपी के मकान मालिक ने घर पर ताला लगा दिया। सूचना मिलने पर थाना शिकोहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाया। इसके बाद पुलिस युवक को थाने ले गई। देर रात तक शिकायतकर्ता थाने में शिकायत देने की तैयारी कर रहे थे। थाना प्रभारी अनुज राणा ने बताया कि लोगों के आरोपों की जांच की जा रही है। शिकायत और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User