राहुल गांधी का संविधान दिवस पर बड़ा संदेश, खरगे ने भी केंद्र को याद दिलाई संविधान की ताकत!
संविधान दिवस पर राहुल गांधी ने भारतीय संविधान को देश की आत्मा बताया। वहीं मल्लिकार्जुन खरगे ने संविधान के मूल आदर्शों और लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प दोहराया।
दि राइजिंग न्यूज़ | नई दिल्ली | 26 नवंबर 2026
संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से संविधान के महत्व को बताते हुए लोकतंत्र, समानता और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा का संकल्प दोहराया।
राहुल गांधी ने अपने संदेश में कहा कि भारत का संविधान सिर्फ एक किताब नहीं, बल्कि देश की आत्मा है। यह हर नागरिक की गरिमा का कवच और हर आवाज की ताकत है। उन्होंने संविधान को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे का रक्षक बताते हुए कहा कि यह भारतीय लोकतंत्र की नींव और अन्याय के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार है। राहुल गांधी ने संकल्प दोहराया कि वे हर हाल में संविधान की रक्षा करेंगे और प्रत्येक भारतीय के अधिकारों के लिए लड़ते रहेंगे।
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संविधान दिवस पर देशवासियों को बधाई देते हुए डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक लोकतंत्र तब तक कायम नहीं रह सकता, जब तक उसकी नींव में सामाजिक लोकतंत्र न हो। खरगे ने महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, सुभाष चंद्र बोस, मौलाना आजाद, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, सरोजिनी नायडू और डॉ. आंबेडकर सहित संविधान निर्माण और आधुनिक भारत की नींव रखने वाले महान नेताओं को नमन किया।
खरगे ने आगे कहा कि संविधान के मूल आदर्शों न्याय, स्वतंत्रता, समानता, बंधुता, धर्मनिरपेक्षता और समाजवाद की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की राष्ट्रीय जिम्मेदारी है। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और सद्भाव बनाए रखने के साथ संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लेने की अपील की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)