कांग्रेस की 130 सीटों की मांग पर सपा का बड़ा झटका!
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सपा ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है। जानिए कांग्रेस की मांग, सभी 26 सीटों की सूची और गठबंधन का पूरा गणित।
दि राइजिंग न्यूज़ | लखनऊ | 24 नवंबर 2026
उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन तथा सीटों के बंटवारे पर बातचीत जारी है। दोनों दल भारतीय जनता पार्टी को चुनौती देने के लिए साथ चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन सीटों की संख्या को लेकर दोनों के बीच अंतर दिखाई दे रहा है। कांग्रेस ने सपा को 130 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी है, जिन पर वह चुनाव लड़ना चाहती है। इसके जवाब में समाजवादी पार्टी ने अपनी ओर से कांग्रेस के लिए 26 सीटों का प्रस्ताव रखा है।
सपा के प्रस्ताव में दो ऐसी सीटें शामिल हैं, जहां कांग्रेस ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। इनमें रामपुर खास और फरेंदा शामिल हैं। इसके अलावा चार सीटें ऐसी हैं, जहां कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी। इनमें मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर और किदवई नगर शामिल हैं। बाकी 20 सीटों को भी सपा ने अपने प्रस्ताव में जगह दी है।
सपा की ओर से प्रस्तावित 20 अन्य सीटों में बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, स्याना, खुर्जा, खैर, इगलास, मांट, आगरा उत्तर, फतेहपुर सीकरी, बिलग्राम-मल्लावां, गोविंद नगर, नानपारा, गोरखपुर शहर, खजनी, पडरौना, फाजिलनगर, पिंडरा और वाराणसी कैंट शामिल हैं।
सपा ने कांग्रेस से केवल सीटों की मांग रखने के बजाय उन पर जीत हासिल करने का आधार भी मांगा है। पार्टी चाहती है कि कांग्रेस बताए कि जिन अन्य सीटों पर वह चुनाव लड़ना चाहती है, वहां उसका संभावित उम्मीदवार कौन होगा और उसकी जीत की कितनी संभावना है। सपा का मानना है कि गठबंधन में सीटों का बंटवारा केवल संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि चुनाव जीतने की क्षमता को ध्यान में रखकर होना चाहिए।
सपा और कांग्रेस के बीच पहले दौर की बातचीत 23 नवंबर को दिल्ली में हुई थी। इस बैठक में दोनों दलों के नेताओं ने बातचीत को सकारात्मक बताया था। सपा की ओर से रामगोपाल यादव ने कहा था कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे की बात सुनी है और गठबंधन को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया जल्द पूरी होने की उम्मीद है। उन्होंने सीटों के बंटवारे पर सहमति बनने की उम्मीद जताई थी।
वहीं, कांग्रेस अपनी चुनावी स्थिति और वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन के आधार पर अधिक सीटें चाहती है। दूसरी ओर, सपा का जोर उन उम्मीदवारों को प्राथमिकता देने पर है, जिनके जीतने की संभावना मजबूत हो। ऐसे में 26 सीटों का शुरुआती प्रस्ताव दोनों दलों के बीच बातचीत का अहम मुद्दा बन गया है। हालांकि, सीटों की अंतिम संख्या पर अभी आधिकारिक समझौता नहीं हुआ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)