1000 करोड़ ठगने वाला दुबई में कर रहा स्काई डाइविंग:ठगों का सरगना सुल्तान मिर्जा बोला-Amazing, बार में उड़ाई शैंपेन, देखें VIDEO

Nov 28, 2026 - 07:15
0
1000 करोड़ ठगने वाला दुबई में कर रहा स्काई डाइविंग:ठगों का सरगना सुल्तान मिर्जा बोला-Amazing, बार में उड़ाई शैंपेन, देखें VIDEO
देशभर के कई राज्यों से ऑनलाइन गेमिंग एप, डिजिटल अरेस्ट, इनवेस्ट के नाम पर एक हजार करोड़ की ठगी का मास्टरमाइंड, 25 हजार का इनामी सुल्तान मिर्जा उर्फ अभय शुक्ला आज भी दुबई में बैठ कर अपना नेक्सस संचालित कर रहा है। उसके गुर्गे देश के कई राज्यों में बैठकर लोगों को अपनी ठगी का शिकार बना रहे है। शुक्रवार को सुल्तान की अय्याशी के 8 और वीडियो पुलिस के हाथ मिले हैं। जिसमें वह एक डिस्कोथेक में स्पार्कल गन चलाता नजर रहा है। बॉलीवुड गानों पर थिरकते हुए गुर्गे, सुल्तान को शैंपेन से नहलाते दिख रहे हैं। वहीं 1 मिनट 30 सेकेंड के एक वीडियो में सुल्तान दुबई में स्काई डाइविंग करते हुए नजर आ रहा है, उसके साथ एक ट्रेनर भी है। हजारों फीट की ऊंचाई पर उड़ रहे एक चार्टर्ड प्लेन से सुल्तान ट्रेनर संग छलांग लगाता दिख रहा है। नीचे उतरने के बाद वह अपना अनुभव शेयर करते हुए कहता है कि– इट्स अमेजिंग, आउटस्टैंडिंग, लाइफ टाइम एक्सपीरियंस… थैंक यू सो मच। पहले देखिए ठग सुल्तान मिर्जा के स्काई डाइविंग के वीडियो… इससे पहले भी सुल्तान मिर्जा का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह दुबई के डिस्कोथेक में रशियन पर नोट उड़ाता दिख रहा था। यह वीडियो सुल्तान के गिरोह में शामिल राजवीर सिंह और शिवम सिन्हा की गिरफ्तारी के बाद सामने आए थे। आरोपी शिवम सिन्हा के मोबाइल डाटा रिकवर में पुलिस के सुल्तान की अय्याशी के दो वीडियो सामने आए थे। वहीं दूसरी ओर पुलिस सुल्तान की तलाश में जगह–जगह की खाक छानती घूम रही है। पुलिस ने इनामी पर शिकंजा कसने के लिए बर्रा के दामोदर नगर, कल्याणपुर और औरैया में 5 करोड़ की संपत्ति चिन्हित कर कुर्की का नोटिस चस्पा किया है। साथ ही उसके खिलाफ LOC (लुक आउट सर्कुलर) नोटिस जारी है, लेकिन अब तक वह पुलिस के हाथ नहीं लग सका है। अब विस्तार से उन 8 वीडियो के बारे में जानिए… पुलिस के हाथ 1 मिनट 30 सेकेंड के स्काई डाइविंग वीडियो में वह ट्रेनर के साथ एक चार्टर्ड प्लेन से हजारों फीट ऊंचाई से कूदता नजर आ रहा है। वीडियो के बैकग्राउंड में हॉलीवुड सांग बजता सुनाई दे रहा है। वीडियो में पैराशूट से बंधा ट्रेनर सुल्तान मिर्जा को हवा में कई करतब कराता दिख रहा है, करीब 1 मिनट तक हवाई सफर करने के बाद वह पैराशूट से उतरता दिख रहा है। वहीं बाकी वीडियो अलग–अलग डिस्कोथेक के बताए जा रहे हैं, जिनमें से एक वीडियो में वह हाथ में स्पार्कल गन लेकर थिरकते हुए नजर आ रहा है। दूसरे वीडियो में क्लब में शराब से भरे गिलास रखे हुए है और सुल्तान युवतियों के साथ डांस कर रहा है। इसके बाद शराब के नशे में धुत होकर मेज पर खड़े होकर नाच रहा है। वहीं 1 मिनट 27 सेकेंड के एक अन्य वीडियो में साइबर ठगी गिराेह का सरगना सुल्तान अपने सात से 8 दोस्तों के साथ स्टेज पर खड़े होकर शैंपेन उड़ाता नजर आ रहा है, नशे में धुत साथी उसे शैंपेन से नहला रहे है। यह था पूरा प्रकरण… दुबई में बैठे साइबर ठग सुल्तान मिर्जा का गैंग ऑनलाइन गेमिंग एप, डिजिटल फ्रॉड, म्यूल अकांउट खुलवाकर ठगी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने गिरोह में शामिल फतेहपुर व मूलरूप से कोयला नगर निवासी कपिल वर्मा, कपिल देव उर्फ शंटी, साढ़ निवासी अभय प्रताप व रोहित सिंह उर्फ रुद्र प्रताप सिंह, बर्रा के राजवीर सिंह, रतनलाल नगर के शुभम सिन्हा समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस की शुरुआती जांच में ठगी की रकम करीब 250 करोड़ के आसपास थी, लेकिन जब जांच शुरू हुई तो ये आंकड़ा एक हजार करोड़ तक पहुंच गया। पकड़े गए आरोपियों ने बताया था कि मूलरूप से औरैया के रहने वाले अभय शुक्ला उर्फ सुल्तान मिर्जा के लिए वह लोग काम करते थे। पुलिस को आरोपियों के पास से कई म्यूल खाते मिले, जिनके खिलाफ NCRP पोर्टल पर 29 शिकायतें दर्ज मिली थीं। आरोपियों के पास से दुबई नंबर के कई एक्टिवेटेड व प्री एक्टिवेटेड सिम भी बरामद हुए हैं। पकड़े गए आरोपी के पास की कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगालने में 23 प्राइवेट बैंक कर्मचारियों से बातचीत की बात सामने आई थी। आरोपी कपिल वर्मा के मोबाइल में वर्ष 2024 से 23 बैंककर्मियों से बातचीत की डिटेल पुलिस को मिली है। ये बैंककर्मी मिलीभगत से खातों के वेरीफिकेशन करवाने का काम करते थे। एक साल से नहीं मिली लोकेशन अभय के खिलाफ अक्टूबर 2025 में 100 करोड़ की ठगी का पहला मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसके बाद अभय उर्फ सुल्तान मिर्जा की तलाश में पुलिस टीमें लगी हुई थी, लेकिन उसने कोर्ट से अग्रिम जमानत हासिल कर ली थी। इसके बाद अभय ने शहर छोड़ दिया था। काफी प्रयास के बावजूद पिछले एक साल से उसकी लोकेशन ट्रेस नहीं हो पाई। उसकी आखिरी लोकेशन नेपाल में मिली थी, जिसके बाद उसके दुबई में होने की जानकारी पुलिस को मिली थी। गुर्गों की गिरफ्तारी और लुक आउट सर्कुलर जारी होने के बाद से वह भारत वापस नहीं लौटा। सभी म्यूल खातों का हैंडलर अभय उर्फ सुल्तान ही था पकड़े गए आरोपी शिवम सिन्हा ने बताया था कि- गैंग के पास जितने भी म्यूल के लिए खाते थे, उनका हैंडलर अभय शुक्ला ही था। शिवम ने बताया कि खातों में गेमिंग एप, बेटिंग एप, इंवेस्टमेंट फ्रॉड से आई रकम का 60 प्रतिशत हिस्सा अभय रखता था। शिवम ने बताया था- सुबह 9 से शाम 6 बजे तक ही कैश और ऑनलाइन पेमेंट की डिलीवरी की जाती थी। प्रतिदिन पांच लाख रुपयों का रोजाना ट्रांजेक्शन किया जाता था। साइबर ठगों तक रकम पहुंचाने की जिम्मेदारी अभय ने ली थी। अगर खाते में रकम आने के बाद पुलिस अकाउंट फ्रीज भी करा देती तो रकम का 40 प्रतिशत हिस्सा अभय को 10 दिनों के भीतर ठगों तक पहुंचाना पड़ता था। इसलिए रकम का 60 प्रतिशत हिस्सा अभय रखता था। सेविंग पर 40 और करंट खाता खुलवाने के मिले थे 80 हजार पकड़े गए आरोपियों ने बताया था कि सरकारी योजनाओं और खाते मुहैया कराने के बदले कमीशन देने का झांसा देकर लोगों से अकाउंट खुलवाते थे। सभी बैंकिग डिटेल देश–विदेश में बैठे साइबर फ्रॉड के गिरोह के मेंबरों को उपलब्ध कराई जाती थी। सेविंग खाता उपलब्ध कराने के बदले में 40 व करंट खाता उपलब्ध कराने के एवज में ठगों को 80 हजार रुपए मिलते थे। इन बैंकों की कर्मियों की मिलीभगत सामने आई थी आरोपी बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक, डीसीबी बैंक, सीएसबी बैंक, पीएनबी बैंक, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, ओवरसीज बैंक, उज्जीवन फाइनेंस बैंक, जनास्माल बैंक, एयरटेल पेमेंट बैंक कर्मियों की मिलीभगत सामने आई थी। इन्हीं बैंक खातों में पकड़े गए आरोपियों ने अकाउंट खुलवाए थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User