कन्हैया मित्तल बोले-अब यूपी में योगी, दिल्ली में मोदी:विपक्ष से कहा- 500-साल राम तंबू में रहे तब दुख नही हुआ? तब राजनीति की
कानपुर में शुक्रवार को रात हिंदू आध्यात्मिक सेवा मेले में भजन गायक कन्हैया मित्तल ने अपनी प्रस्तुति से समां बांध दिया। 10 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं के बीच उन्होंने ‘सेठों के सेठ’ और ‘जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे’ जैसे भजन गाए। भजनों की धुन पर श्रद्धालु जमकर झूमे और नाचे। इस दौरान कन्हैया मित्तल भी मंच पर थिरकते नजर आए। मंच से उन्होंने कहा 'जो योगी से प्यार करता है, वो जय श्रीराम का उद्घोष करे।' भजन संध्या के दौरान कन्हैया मित्तल ने भगवान राम, सनातन धर्म और राम मंदिर का जिक्र करते हुए राजनीति कर रही विपक्ष पर भी तंज कसा । बोले- 500 साल रामलला तंबू में रहे, तब राजनीति करने वालों को दुख नहीं हुआ कन्हैया मित्तल ने कहा, '500 साल रामजी तंबू में रहे। किसी का दिल नहीं दुखा। सरकारें आईं और गईं। लोग वोट लेने के लिए अल्लाह-अल्लाह कहते थे और चुनाव आते ही रामल्लला की बात करने लगते थे।' उन्होंने माता सीता और भगवान राम का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि माता सीता प्रभु राम से पूछती होंगी कि क्या कलयुग में कोई ऐसा नहीं है, जो हमारा महल बनवा सके, जिसमें लक्ष्मण जी भी हों। इस पर प्रभु राम कहते होंगे- 'यूपी में योगी होगा, दिल्ली में मोदी होगा, आज यही हुआ। उन्होंने आगे कहा, 'अगर किसी को इसमें राजनीति लगती है तो तुम भी राम के लिए करके देना, हम तुम्हारा भी नाम ले लेंगे।' बोले- कट्टर हिंदू हैं हम, बस राम की बात करें हिंदू आध्यात्मिक सेवा मेले के मंच से कन्हैया मित्तल ने सनातन धर्म की बात करते हुए गीत गाया। उन्होंने कहा, ‘भगवा है चोला जिनका, वो राम की बात करें। कट्टर हिंदू हैं हम, बस राम की बात करें।’ उनके इस गीत पर भी श्रद्धालुओं ने खूब उत्साह दिखाया। पूरा पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। ज्ञानवापी पर बोले- जहां शिव होंगे, वहीं मंदिर बनेगा कन्हैया मित्तल ने मंच से ज्ञानवापी का जिक्र करते हुए कहा, 'अब मंदिर वहीं बनेगा। जहां शिव होंगे, वहां मंदिर होगा।' उन्होंने आगे कहा, 'यह भारत कोई बाबर, डाबर या गाजर का नहीं है। यह भारत सनातनियों का है।' कन्हैया मित्तल की भजन संध्या के दौरान श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। युवा, महिलाएं और बुजुर्ग उनके भजनों पर झूमते नजर आए। ‘सेठों के सेठ’ और ‘जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे’ जैसे भजनों पर लोगों ने उनके साथ सुर में सुर मिलाया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)