ईरान- 14 साल की पत्नी को पति ने पीट-पीटकर मारा:10 दिन पहले बच्चे को जन्म दिया था, मायके जाने की बात पर हुआ विवाद
ईरान में 14 साल की सोगंद मुश्तारेकी की उसके 20 साल के पति ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। सोगंद ने 10 दिन पहले ही बच्चे को जन्म दिया था। आरोप है कि मायके जाने की बात पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। घटना 6 नवंबर को करमान प्रांत में हुई। ईरान की नेशनल काउंसिल ऑफ रेजिस्टेंस की महिला समिति के मुताबिक, पति ने हत्या की बात कबूल कर ली है। उसने इसकी वजह पारिवारिक विवाद बताई। सोगंद की शादी 13 साल की उम्र में हुई थी। मानवाधिकार संगठन ईरान ह्यूमन राइट्स के मुताबिक, सोगंद के पिता ने बताया कि उसका पति उसे मायके वालों से बात नहीं करने देता था और घर से बाहर जाते समय उसे अंदर बंद कर देता था। कुछ समय पहले सड़क हादसे में घायल हुई सोगंद बच्चे को जन्म देने के बाद भी उससे उबर रही थी। संगठन के मुताबिक, आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। 21 साल की गर्भवती महिला को पति ने गोली मारी सोगंद की हत्या वाले दिन ही ईरान के फार्स प्रांत में 21 साल की सेपिदेह रईसी की भी हत्या कर दी गई। वह चार महीने की गर्भवती थी और उसका तीन साल का एक बच्चा भी था। रिपोर्ट के मुताबिक, सेपिदेह अपने पति से तलाक लेना चाहती थी। इसी बात पर पति ने उसे गोली मार दी। हमले में उसके पेट में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई, जबकि उसकी मां घायल हो गई। सेपिदेह की शादी भी 13 साल की उम्र में हुई थी। नेशनल काउंसिल ऑफ रेजिस्टेंस की महिला समिति के मुताबिक, वह कई साल से पति की मारपीट झेल रही थी। ईरान में अक्टूबर में महिलाओं की हत्या के 24 मामले ईरान की नेशनल काउंसिल ऑफ रेजिस्टेंस की महिला समिति के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में महिलाओं की हत्या के 24 मामले सामने आए। ज्यादातर महिलाओं को उनके घरों में ही मारा गया। आरोपी उनके जान-पहचान वाले पुरुष थे। ब्रिटेन के न्यूज चैनल ईरान इंटरनेशनल के मुताबिक, 21 मार्च से 13 अक्टूबर 2026 के बीच 84 महिलाओं और लड़कियों की हत्या हुई। इनमें 75 मामलों में आरोपी उनके परिचित थे। 8 नाबालिग लड़कियों को उनके पिता, भाई या परिवार के दूसरे सदस्यों ने मार डाला। मानवाधिकार संगठन हेंगॉ के मुताबिक, 2025 में महिलाओं की हत्या के 207 मामले सामने आए। इनमें 31 हत्याएं परिवार की इज्जत के नाम पर की गईं। कम से कम 13 महिलाओं को शादी का प्रस्ताव ठुकराने, 10 को तलाक मांगने और 10 को बाल विवाह के बाद उनके पतियों ने मार डाला। परिवार और पूर्व प्रेमी के हाथों 3 युवतियों की हत्या ईरान में तीन युवतियों की हत्या के मामले सामने आए हैं। एक गर्भवती युवती की उसके माता-पिता ने गला घोंटकर हत्या कर दी, दूसरी को पूर्व प्रेमी ने गोली मार दी, जबकि तीसरी को उसके पिता ने पांचवीं मंजिल से नीचे फेंक दिया। 1 माता-पिता ने गर्भवती बेटी का गला घोंटा 19 साल की हेलिया फत्ताही दो महीने की गर्भवती थी। उसने पिछले हफ्ते परिवार को इसकी जानकारी दी थी। मानवाधिकार संगठन हेंगॉ के मुताबिक, उसके माता-पिता वोरिया फत्ताही और लैला वेसी ने पहले उसे करीब 30 गोलियां जबरन खिलाईं और पीटा। इसके बाद तकिए से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने हत्या की वजह पारिवारिक विवाद बताई। 2. शादी से इनकार पर पूर्व प्रेमी ने गोली मारी 18 नवंबर को गिलान प्रांत में 23 साल की सादफ हगबिन की जन्मदिन की पार्टी में गोली मारकर हत्या कर दी गई। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, आरोपी उसका पूर्व प्रेमी था। खबरऑनलाइन के अनुसार, युवती के शादी से इनकार करने पर उसकी हत्या की गई हो सकती है। 3. पिता ने स्कूल में पीटा, फिर पांचवीं मंजिल से फेंका 15 नवंबर को केरमानशाह में 16 साल की सोगंद सय्यादी का शव अपार्टमेंट की इमारत के आंगन में मिला। हेंगॉ के मुताबिक, एक दिन पहले उसने स्कूल में कहा था कि पिता के साथ घर जाने पर उसे जान का खतरा है। आरोप है कि पिता कियोमार्स सय्यादी ने स्कूल में और फिर बाहर उसकी पिटाई की। अगले दिन उसे अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल से नीचे फेंक दिया। पुलिस ने पिता को हिरासत में लिया है, जबकि स्कूल की प्रिंसिपल को लापरवाही के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। कानून में ऑनर किलिंग पर कम सजा का प्रावधान ईरान के कानून में परिवार की इज्जत के नाम पर की जाने वाली हत्या के लिए अलग से कोई सख्त प्रावधान नहीं है। इस्लामिक पीनल कोड की धारा 301 के तहत पिता और दादा को अपनी संतान की हत्या के मामले में किसास यानी हत्या के बदले मौत की सजा से छूट मिल सकती है। ऐसे मामलों में आमतौर पर 3 से 10 साल तक की जेल हो सकती है। वहीं, हत्या के दूसरे मामलों में मौत की सजा का प्रावधान है। अलग-अलग संगठनों का अनुमान है कि ईरान में हर साल कम से कम 450 महिलाओं की परिवार की इज्जत के नाम पर हत्या कर दी जाती है। हालांकि, कई मामले सामने नहीं आते, इसलिए असली संख्या इससे ज्यादा भी हो सकती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)