14 नवंबर को मेरठ पहुंचेगी ‘प्रकृति पथ’ साइकिल यात्रा:डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में हिमालय बचाओ का संदेश लेकर आ रही यात्रा का होगा स्वागत
हिमालय संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश लेकर निकली अंतरराष्ट्रीय साइकिल यात्रा ‘प्रकृति पथ’ 14 नवंबर को मेरठ पहुंचेगी। हिमालयन पर्यावरण अध्ययन एवं संरक्षण संगठन (हेस्को), देहरादून के संस्थापक पद्म भूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में जनकपुर, नेपाल से शुरू हुई यह यात्रा मेरठ में पड़ाव करेगी। यात्रा का अंतिम समापन देहरादून में होगा। मेरठ में यात्रा के स्वागत के साथ युवाओं को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जागरूक नागरिक एसोसिएशन के महासचिव एवं जिला संयोजक गिरी शुक्ला ने बताया कि डॉ. अनिल प्रकाश जोशी पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी इच्छा है कि अधिक से अधिक युवा प्रकृति और हिमालय के संरक्षण से जुड़ें। इसी उद्देश्य से मेरठ में स्कूली छात्रों के बीच प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जा रही हैं। करीब 20 स्कूलों को इसमें शामिल किया गया है। कार्यक्रम सुबह 11 बजे चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के अटल सभागार में आयोजित होगा। इसमें विद्यार्थियों को प्रतियोगिताओं के माध्यम से पर्यावरण और हिमालय संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित भी किया जाएगा। इसके अलावा शहर के सामाजिक संगठनों, एनजीओ और पर्यावरण से जुड़े लोगों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। पूर्व में सीसीएसयू के जूलॉजी विभागाध्यक्ष और 11 साल तक पर्यावरण विज्ञान के समन्वयक रहे प्रो. अशोक कुमार चौबे ने बताया कि साइकिल यात्रा के स्वागत और आयोजन के लिए विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। इसमें स्कूल और कॉलेजों के छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। उद्देश्य है कि युवा केवल कार्यक्रम का हिस्सा न बनें, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी भी समझें। गिरी शुक्ला ने बताया कि डॉ. जोशी मेरठ को क्रांति धरा के साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी आदर्श शहर के रूप में विकसित होते देखना चाहते हैं। इसी सोच के साथ मेरठ में उनके संदेश को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)