22 नवंबर को आधे घंटे ब्लैक आउट रहेगा:दो मिनट बजेगा हवाई हमले का सायरन, 30 मिनट बिजली भी नहीं आएगी
कानपुर में 22 नवंबर को हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए ब्लैक आउट मॉकड्रिल होगी। शाम 6 बजे दो मिनट तक हवाई हमले की चेतावनी देने वाला सायरन बजेगा। इसके साथ ही संबंधित मोहल्लों, कंपनी बाग और सीएसए समेत क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति 30 मिनट के लिए बंद कर दी जाएगी। नागरिकों को शाम 6 से 6:30 बजे तक घरों के अंदर और बाहर की सभी लाइटें बंद रखनी होंगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह वास्तविक आपात स्थिति नहीं, बल्कि सुरक्षा तैयारियों को परखने के लिए किया जाने वाला अभ्यास है। पुलिस के साथ एनडीआरएफ व स्वास्थ्य विभाग भी रहेगा उपनियंत्रक नागरिक सुरक्षा ने बताया कि पं. दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय, आजाद नगर में होने वाले इस अभ्यास में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, अग्निशमन, पुलिस, स्वास्थ्य और नागरिक सुरक्षा विभाग की टीमें शामिल होंगी। तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी (नगर) की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिम्मेदारियां तय की गई हैं। सायरन बजते ही सुरक्षित स्थानों पर पहुंचेंगे लोग मॉकड्रिल के दौरान शाम 6 बजे दो मिनट तक सायरन बजाकर हवाई हमले की चेतावनी दी जाएगी। इसके बाद नागरिकों को सुरक्षित स्थानों और शेल्टरों में शरण लेने का अभ्यास कराया जाएगा। शाम 6:30 बजे खतरा समाप्त होने का संकेत देने के लिए दो मिनट तक लगातार सायरन बजेगा। इसके बाद बचाव और राहत कार्यों का प्रदर्शन किया जाएगा। आग बुझाने से लेकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास अभ्यास में छोटी आग को नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवक फायर एक्सटिंग्विशर से बुझाएंगे, जबकि बड़ी आग पर अग्निशमन विभाग की टीमें फायर टेंडर से काबू पाने का प्रदर्शन करेंगी। घायलों को प्राथमिक उपचार देने, गंभीर घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने और क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास भी होगा। इसके लिए अग्निशमन विभाग और नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवक संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन करेंगे। उपनियंत्रक ने नागरिकों से अपील की है कि मॉकड्रिल के दौरान प्रशासन और संबंधित विभागों का सहयोग करें। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। यह पूरी कार्रवाई केवल आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव और राहत व्यवस्था की तैयारी परखने के लिए की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)