लखनऊ में सुबह हल्के बादल छाए, कोहरा नहीं:हवा के साथ महसूस हुई सर्दी, दिन में मौसम साफ रहेगा
लखनऊ में रविवार को सुबह से हल्के बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि ये बादल धीरे-धीरे छंट जाएंगे। दिन में ज्यादातर समय मौसम साफ रहेगा। सुबह कोहरे का कहीं असर नहीं दिखा। हल्की ठंडी हवा चलने से सर्दी महसूस हुई। आज अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री रहने का अनुमान है। शनिवार को अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री और न्यूनतम 15.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था। रात के तापमान में अनुमान से 3 डिग्री कमी रही। शनिवार देर शाम CPCB के आंकड़ों के मुताबिक, लखनऊ का AQI 153 दर्ज हुआ। हवा येलो जोन में रही। प्रदूषण में PM2.5 की हिस्सेदारी सबसे अधिक रही। अलीगंज और लालबाग की हवा ऑरेंज जोन में रविवार सुबह 6 मॉनिटरिंग स्टेशनों का औसत AQI 152 रहा। अलीगंज में 198 और लालबाग में 203 AQI दर्ज किया गया। दोनों क्षेत्र ऑरेंज जोन में रहे। तालकटोरा में AQI 201, अंबेडकर यूनिवर्सिटी में 113 और गोमतीनगर में 122 रहा। ये इलाके येलो जोन में रहे। कुकरैल पिकनिक स्पॉट की हवा ग्रीन जोन में रही। 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरेगा तापमान मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान 'अकवान' ओडिशा के गोपालपुर तट से गुजर चुका है। अब कमजोर होकर डिप्रेशन के रूप में ओडिशा के ऊपर बना है। इसके धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ने से पूर्वांचल के मौसम में बदलाव होगा। 22 नवंबर को पूर्वांचल के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश से पहले रात के तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी होगी, जिससे ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी। बारिश के बाद तापमान 3 से 5 डिग्री तक गिर सकता है। इससे ठिठुरन बढ़ेगी। वातावरण में नमी बढ़ने से कई इलाकों में घना कोहरा छाने के आसार हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)