आगरा कोर्ट ने पैसा हड़पने पर लगाया 2.20करोड़ का जुर्माना:5 साल की सुनाई सजा, डिस्ट्रीब्यूटर्स से लेकर कंपनी के खाते में नहीं डाली थी रकम

Nov 19, 2026 - 19:55
0
आगरा कोर्ट ने पैसा हड़पने पर लगाया 2.20करोड़ का जुर्माना:5 साल की सुनाई सजा, डिस्ट्रीब्यूटर्स से लेकर कंपनी के खाते में नहीं डाली थी रकम
आगरा में कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटरों से 2.50 करोड़ रुपए लेकर खाते में जमा नहीं कराने के मामले में अदालत ने पूर्व जीएम मार्केटिंग पर 2 करोड़ 20 लाख 1 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। आरोपी ने रकम जमा करने को कहने पर कंपनी के निदेशक से अभद्रता भी की थी। सीजेएम शारिब अली ने अजय कुमार गुप्ता उर्फ अजय गोयल को पांच साल की कैद की सजा सुनाई है। जुर्माने की रकम में से 1 करोड़ 98 लाख रुपए कंपनी के निदेशक को देने और 22 लाख 1 हजार रुपए सरकार के खाते में जमा कराने के आदेश दिए हैं। मामला थाना न्यू आगरा में दर्ज हुआ था। मैसर्स तपन एग्रो इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, कुसुम बिहार, दयालबाग के निदेशक सुदीप गर्ग निवासी शिखा एनक्लेव, दयालबाग ने 12 मई 2017 को पुलिस में शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि अजय कुमार गुप्ता उर्फ अजय गोयल निवासी यमुना विहार, नई दिल्ली उनकी कंपनी में जीएम मार्केटिंग के पद पर काम करता था। उसे दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, जम्मू, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश में कंपनी की बिक्री और मार्केटिंग का काम सौंपा गया था। आरोप था कि अजय ने इन राज्यों के डिस्ट्रीब्यूटरों और व्यापारियों से कंपनी के नाम पर 2 करोड़ 50 लाख रुपए लिए, लेकिन यह रकम कंपनी के खाते में जमा नहीं कराई। 12 मई 2017 को जब निदेशक ने उससे रकम जमा करने को कहा तो वह अभद्रता करने लगा और हाथापाई पर उतारू हो गया। मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन अधिकारी बृज मोहन कुशवाह ने कंपनी के निदेशक सुदीप गर्ग, व्यापारी सुभाष चंद, मैनेजर कमल जैन और उपनिरीक्षक जितेंद्र पाल सिंह की गवाही कराई। अभियोजन पक्ष ने अदालत में बताया कि आरोपी की जिम्मेदारी सात राज्यों में कंपनी का लेनदेन संभालने और मिली हुई रकम कंपनी के खाते में जमा कराने की थी, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। साक्ष्यों और दलीलों के आधार पर सीजेएम शारिब अली ने आरोपी को दोषी मानते हुए पांच साल की कैद और 2 करोड़ 20 लाख 1 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User