29 नवंबर से शुरू होगा मां-अन्नपूर्णा का 17 दिवसीय महाव्रत:चंपा छठ पर होगा मां का भव्य श्रृंगार, 16 दिसंबर को भक्तों में बांटा जाएगा धान की बालियों का प्रसाद

Nov 26, 2026 - 11:09
0
29 नवंबर से शुरू होगा मां-अन्नपूर्णा का 17 दिवसीय महाव्रत:चंपा छठ पर होगा मां का भव्य श्रृंगार, 16 दिसंबर को भक्तों में बांटा जाएगा धान की बालियों का प्रसाद
काशी की अधिष्ठात्री देवी मां अन्नपूर्णा का 17 दिवसीय महाव्रत 29 नवंबर से शुरू होगा। मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष की पंचमी से शुरू होने वाला यह महाव्रत 15 दिसंबर को चंपा छठ के दिन संपन्न होगा। इस दौरान श्रद्धालु 17 गांठ वाला पवित्र धागा धारण कर व्रत का संकल्प लेंगे। मंदिर प्रशासन के अनुसार, इस बार करीब 250 नए श्रद्धालु भी महाव्रत की परंपरा से जुड़ेंगे। अन्नपूर्णा मंदिर के महंत शंकर पुरी महाराज ने बताया कि इस महाव्रत में शामिल होने के लिए काशी के साथ देश के अलग-अलग हिस्सों से भक्त पहुंचते हैं। परंपरा के अनुसार, 29 नवंबर को मंदिर के प्रथम तल से श्रद्धालुओं को 17 गांठ वाला पवित्र धागा दिया जाएगा। महिलाएं इसे बाएं हाथ और पुरुष दाएं हाथ में बांधेंगे। हर साल करीब 250 नए श्रद्धालु किसी मनोकामना की पूर्ति और मां के प्रति आस्था के चलते इस व्रत का संकल्प लेते हैं। धार्मिक मान्यता है कि लगातार 17 वर्षों तक यह व्रत करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं। बिना नमक के करना होता है व्रत महाव्रत के नियम काफी संयम वाले हैं। श्रद्धालु अपनी क्षमता के अनुसार पूरे 17 दिन या पहले और अंतिम दिन व्रत रख सकते हैं। पूरे 17 दिन व्रत करने वालों को एक समय अनाज और बाकी समय फलाहार करना होता है। इसके लिए एक अनाज और एक सब्जी का चयन किया जाता है। दोनों का सेवन पूरे व्रत के दौरान बिना नमक के करना होता है। हालांकि, गंभीर बीमारी या लो ब्लड प्रेशर से पीड़ित श्रद्धालुओं को जरूरत के अनुसार नियमों में छूट दी जाती है। चंपा छठ पर सजेगा मां का दरबार महाव्रत के दौरान 17 दिनों तक सुबह-शाम पवित्र धागे की पूजा और मां अन्नपूर्णा की कथा होगी। 15 दिसंबर को चंपा छठ के दिन मां का भव्य श्रृंगार किया जाएगा। पूर्वांचल के किसानों की ओर से अर्पित धान की पहली फसल से मंदिर और पूरे परिसर को सजाया जाएगा। मां को नए चावल का भोग भी लगाया जाएगा। इसके अगले दिन 16 दिसंबर को श्रृंगार में इस्तेमाल की गई धान की बालियों को श्रद्धालुओं में प्रसाद के रूप में बांटा जाएगा। भक्त इन बालियों को घर ले जाकर अपने अन्न भंडार में रखते हैं। मान्यता है कि इससे घर में सुख-समृद्धि और अन्न की बरकत बनी रहती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User